6 करोड़ से ज्यादा तिरंगा सेल्फी अपलोड की गईं, पूरा देश आया साथ

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। स्वतंत्रता के 75वें वर्ष के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जबर्दस्त कामयाबी मिली है। हर घर तिरंगा की वेबसाइट पर 6 करोड़ से ज्यादा तिरंगा सेल्फी अपलोड की गई है। केन्द्रीय संस्कृति मंत्रालय के मुताबिक चंडीगढ़ में 5,885 लोगों की भागीदारी के साथ ‘राष्ट्रीय ध्वज’ लहराती दुनिया की सबसे बड़ी मानव श्रृंखला की तस्वीर का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना है। केन्द्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए पूरा देश साथ आया है।
विभिन्न क्षेत्रों के लोगों की तरफ से ऐसा उत्साह देश की एकता और अखंडता की अटूट भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के नागरिकों से आह्वाान किया है, तब लोगों ने काफी उत्साह के साथ प्रतिक्रिया दी है। चाहे एलपीजी सब्सिडी त्यागने की बात हो, कोविड-19 योद्धाओं के प्रयासों को मान सम्मान देने की बात हो या फिर हर घर तिरंगा अभियान हो। उन्होंने कहा कि 12 मार्च 2021 को 75 सप्ताह के काउंटडाउन के तौर पर शुरू हुए आजादी के 75वें वर्ष का स्मरणोत्सव 15 अगस्त 2022 तक चला और ये 15 अगस्त 2023 तक जारी रहेगा।
Created On :   16 Aug 2022 7:44 PM IST