नागपुर-मुंबई समृद्धि हाईवे के साथ हाई स्पीड रेल लाइन का भी होगा काम

High speed rail line along with Samriddhi Highway will also done
नागपुर-मुंबई समृद्धि हाईवे के साथ हाई स्पीड रेल लाइन का भी होगा काम
नागपुर-मुंबई समृद्धि हाईवे के साथ हाई स्पीड रेल लाइन का भी होगा काम

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नागपुर-मुंबई एक्सप्रेस-वे (समृद्धि हाईवे) का काम स्पीड से चल रहा है। इसमें अब एक और अध्याय जुड़ने जा रहा है। इस एक्सप्रेस-वे के साथ-साथ हाई-स्पीड रेल चलाने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। खबर है कि रेल मंत्रालय और केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय ने एक्सप्रेस-वे के साथ एक रेल लाइन बिछाने के लिए हाथ मिलाया है। इसे साकार करने के लिए दोनों विभाग मिलकर कार्य करेंगे। रेलवे सूत्रों के अनुसार स्पैनिश सलाहकार इनेको के प्रस्तावित नागपुर-मुंबई समृद्धि हाईवे के साथ एक हाई स्पीड रेल लाइन बनाने पर काम किया जा रहा है। हाईवे के लिए सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय भूमि अधिग्रहण कर रहा है। इस पर पहले एक रिपोर्ट बन चुकी है, जिस पर सकारात्मक प्रतिसाद मिला है।

8 लेन का होगा
उल्लेखनीय है कि नागपुर से मुंबई तक 701 किमी का एक्सप्रेस-वे राज्य सरकार बना रही है। इस एक्सप्रेस-वे से 26 जिले जुड़ेंगे। 8 लेन का यह एक्सप्रेस-वे होगा। 46 हजार करोड़ रुपए का यह प्रोजेक्ट 16 चरणों में बनेगा। 13 चरणों की निविदा जारी कर ठेका कंपनियों को काम दिया जा चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों इस एक्सप्रेस-वे का भूमिपूजन करने की तैयारी भी चल रही है। अगर प्रधानमंत्री का समय मिल जाता है, तो नागपुर में भूमिपूजन कार्यक्रम होगा। फिलहाल एक्सप्रेस-वे के लिए 93 प्रतिशत भूमि-अधिग्रहण का काम किया जा चुका है।

निर्णय शीघ्र
फिलहाल हाई-स्पीड रेल, एक्सप्रेस-वे के साथ-साथ चलेगी या ऊंचाई पर इसका निर्णय नहीं हुआ है। जमीन की स्थिति के आधार पर यह तय किया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि नदियों को पार करने के लिए सुरंगों और पुलों का निर्माण भी किया जा सकता है। स्पेनिश टीम जल्द ही इस महत्वाकांक्षी परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए सार्वजनिक ट्रांसपोर्टर को वित्तीय पहलुओं सहित विस्तृत पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन देने के लिए तैयार है।

समय काफी कम होगा
इसके बनने के बाद सड़क और रेल यात्री, दोनों के लिए यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा, क्योंकि एक्सप्रेस-वे पूरी तरह से एक्सेस-नियंत्रित होगा, जबकि ऊंचा रेल ट्रैक एक निर्बाध हाई-स्पीड ट्रेन यात्रा सुनिश्चित करेगा। हालांकि भूमि अधिग्रहण एक गंभीर समस्या है, इसी कारण इस परियोजना में देरी भी हो रही है। मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल भी इसी समस्या का सामना कर रही है।

Created On :   30 Jun 2018 8:13 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story