कारोबारी की निर्माणाधीन दुकान में मिला मानव कंकाल

Human skeleton found in under construction shop of businessman
कारोबारी की निर्माणाधीन दुकान में मिला मानव कंकाल
कारोबारी की निर्माणाधीन दुकान में मिला मानव कंकाल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जरीपटका क्षेत्र में एक कारोबारी की निर्माणाधीन दुकान में टाइल्स लगाने के लिए खुदाई करते समय मानव का कंकाल (खोपड़ी) मिलने से परिसर में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर जरीपटका पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। क्षेत्र के उपायुक्त नीलोत्पल भी घटनास्थल का जायजा लिए। अनुमान लगाया जा रहा है कि यह किसी महिला का हो सकता है। इस जगह से जानवर की भी हड्डियां मिली हैं। इन सभी हड्डियों को पुलिस फारेंसिक लैब भेजनेवाली है। 

7500 वर्ग फीट का है प्लॉट
पुलिस के अनुसार प्लाट नंबर 118 कुकरेजा नगर निवासी किसन सहजवानी (64) कलमना में कारोबार करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि जरीपटका क्षेत्र में बापूना वाइन शॉप के पास प्लाॅट नंबर 482 व 483 को उन्होंने वर्ष 1985 में नागपुर सुधार प्रन्यास से खरीदा था। यह करीब 7500 वर्ग फीट का प्लॉट है। प्लाॅट को खरीदने के बाद किसन ने वर्ष 1988 में यहां पर निर्माणकार्य शुरू किया। उसके बाद इस प्लॉट को लेकर विवाद खड़ा हो गया। तब प्लॉट पर वर्ष 1991 में निर्माणकार्य बंद कर दिया गया, तबसे यहां पर कोई निर्माणकार्य नहीं हुआ था। इस जगह पर पहले लोग कचरा फेंका करते थे। 

एक मंजिल दुकान बनी है
अक्टूबर 2019 में किसन ने यहां पर दोबारा निर्माणकार्य शुरू किया। यहां पर एक मंजिल दुकान बनाई गई है।   यहां पर सीढ़ी बनाने और टाइल्स लगाने के लिए सुपरवाइजर विशाल बिनझाडे और मिस्त्री गिरीश बंबाडे खुदाई का काम कर रहे थे। इस दौरान उन्हें खोपड़ी मिली। खुदाई करने पर और कुछ हड्डियां मिलीं। वह जानवरों की हैं या इंसान की इस बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता है। कंकाल मिलने की जानकारी गिरीश ने प्लॉट के मालिक किसन सहजवानी को दिया। तब वह घटनास्थल पर पहुंचे। उसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जरीपटका के वरिष्ठ थानेदार खुशाल तिजारे सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। हड्डियों को जब्त किया गया है। इसे फारेंसिक लैब भेजा जाएगा। 

Created On :   9 March 2020 7:12 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story