- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- मानवता शर्मसार: जिला अस्पताल में...
मानवता शर्मसार: जिला अस्पताल में बेड पर रातभर पड़ा रहा शव

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। जिला अस्पताल में एक बार फिर मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। फीमेल मेडिकल वार्ड में भर्ती एक महिला की मौत के बाद 12 घंटे तक शव बेड पर पड़ा रहा। मृतका के पास रातभर उसका दिव्यांग पति बैठा रहा। अस्पताल स्टाफ उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया। रविवार सुबह अस्पताल चौकी के प्रधान आरक्षक ने दिव्यांग पति की मदद कर नगर निगम की माध्यम से मृतका का अंतिम संस्कार कराया।
बताया जा रहा है कि गांगीवाड़ा निवासी 40 वर्षीय संतोषी गोस्वामी को दिव्यांग पति रामलाल गोस्वामी ने बीमारी के चलते बीती 17 दिसम्बर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां इलाज के दौरान शनिवार रात लगभग दस बजे संतोषी की मौत हो गई। मृतका का शव लगभग 12 घंटे तक बेड पर ही पड़ा रहा। पूरी रात दिव्यांग रामलाल गोस्वामी मृत पत्नी के पास बैठा रहा। उसकी मदद के लिए वार्ड का स्टाफ या अन्य कोई आगे नहीं आया। रविवार सुबह अस्पताल चौकी के प्रधान आरक्षक प्रकाश राउत ने दिव्यांग रामलाल गोस्वामी की मदद करते हुए नगरनिगम के जरिए मृतका का अंतिम संस्कार कराया। बताया जा रहा है कि दंपती भिक्षा मांगकर अपना जीवनयापन करता है।
क्या कहते हैं अधिकारी-
यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। ऐसी स्थिति क्यों निर्मित हुई। इस संबंध में वार्ड स्टाफ व प्रभारी से जानकारी ली जाएगी।
- डॉ.श्रीमती पी गोगिया, सिविल सर्जन
Created On :   20 Dec 2020 10:51 PM IST