बगैर बताए भाई को राखी बांधने गई पत्नी पर पति ने कुल्हाड़ी से किया वार

Husband attacked wife with ax who went to tie rakhi to brother without informing her
बगैर बताए भाई को राखी बांधने गई पत्नी पर पति ने कुल्हाड़ी से किया वार
गंभीर रूप से घायल महिला  नागपुर रेफर बगैर बताए भाई को राखी बांधने गई पत्नी पर पति ने कुल्हाड़ी से किया वार

डिजिटल डेस्क छिन्दवाड़ा/पांढुर्ना। बगैर बताए भाई को राखी बांधने चली गई पत्नी से उसका पति इतना नाराज हो गया कि उसने पत्नी पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। कुल्हाड़ी के तीन वार में पत्नी लहुलूहान हो गई, जिसे गंभीर हालत में पांढुर्ना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना पांढुर्ना विकासखंड के महाराष्ट्र बॉर्डर से सटे ग्राम पेंढोनी की है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पेंढोनी के रहने वाले पंजाब भादे की पत्नी अनिता रक्षाबंधन पर्व के चलते सोमवार को अपने भाई नकुल परिहार को राखी बांधने मुलताई तहसील ग्राम बिरोली झिरपा चली गई। सुबह करीब दस बजे घर से निकली अनिता दोपहर तीन बजे तक घर भी पहुंच गई। पर उसके बताकर नही जाने की बात से पंजाब भादे पत्नी अनिता से नाराज हो गया। रात को खाना खाने के दौरान पंजाब का गुस्सा तेज हो गया और उसने गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी।  आवेश में आकर पंजाब ने अनिता पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। वार को रोकने के लिए अनिता ने हाथ सामने किए, जिससे दोनों हाथों में गंभीर चोटें आई। वहीं इसके बाद पंजाब ने एक वार उसके पैर पर भी किया। तीन वार में अनिता लहुलूहान होकर बुरी तरह घायल हो गई। पड़ोसियों की मदद से अनिता को पांढुर्ना लाकर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां चिकित्सकों ने अनिता का प्राथमिक उपचार किया और उसके सघन उपचार के लिए नागपुर रेफर किया। घटना की खबर लगते ही अनिता का भाई नकुल परिहार अस्पताल पहुंच गया और उसे उपचार के लिए नागपुर ले गया। इस संबंध में जांच अधिकारी एसआई डीएस मार्को ने बताया कि इस मामले में पति पंजाब भादे के खिलाफ धारा 294, 324, 506 आईपीसी के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
 

Created On :   24 Aug 2021 6:14 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story