शिवसेना-BJP गठबंधन हुआ तो BJP के साथ नहीं रह सकता-राणे

IF Shiv Sena-BJP get combine then i can not continue with BJP-Rane
शिवसेना-BJP गठबंधन हुआ तो BJP के साथ नहीं रह सकता-राणे
शिवसेना-BJP गठबंधन हुआ तो BJP के साथ नहीं रह सकता-राणे

डिजिटल डेस्क,मुंबई। महाराष्ट्र स्वाभिमान पक्ष के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे ने साफ कर दिया है कि यदि 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा-शिवसेना के बीच गठबंधन हुआ तो मैं भाजपा के साथ नहीं रहूंगा। एक मराठी न्यूज चैनल के टाक शो में राणे ने कहा कि मेरे मंत्रिमंडल में शामिल होने को लेकर शिवसेना का विरोध था। उन्होंने धमकी दी कि राणे मंत्रिमंडल में शामिल हुए तो हम सरकार से बाहर हो जाएंगे। ऐसी स्थिति में अब यदि भाजपा-शिवसेना का गठबंधन होता है तो मेरा भाजपा के साथ रहने का कोई अर्थ नहीं रहेगा। राणे ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान शिवसेना हमारा शत्रु दल रहेगा। लेकिन भाजपा-शिवसेना युति होने पर मेरी भूमिका स्पष्ट है, मैं भाजपा का साथ छोड़ दूंगा।    
     
भाजपा -शिवसेना के गठबंधन की है संभावना
गौरतलब है कि फडणवीस सरकार में मंत्री पद का आफर मिलने के बाद राणे ने विधान परिषद सदस्यता और कांग्रेस पार्टी की सदस्यता छोड़ दी थी। लेकिन शिवसेना के कड़े विरोध के चलते मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस उन्हें भाजपा में शामिल कर मंत्री नहीं बना सके। पिछले दिनों राणे भाजपा के टिकट पर राज्यसभा के लिए चुने गए। शिवसेना के चलते न चाहते हुए भी उन्हें मंत्रिमंडल की बजाय संसद जाना पड़ा है। दूसरी ओर शुक्रवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने अपने मुंबई दौरे के दौरान संकेत दिए थे कि भाजपा अब भी शिवसेना के साथ गठबंधन की उम्मीद पाले हुए है। भाजपा की रैली में शाह सहित अन्य नेताओं ने शिवसेना पर किसी तरह की टिप्पणी नहीं की। बल्कि मुख्यमंत्री फडणवीस ने शिवसेना प्रमुख बालासाहेब को याद करते हुए उनकी तारीफ की। बाद में भाजपा-शिवसेना का गठबंधन बरकरार रहने की खबरें भी आती रही। भाजपा-शिवसेना के करीब आने से राणे नाराज नजर आ रहे हैं और अब वे भाजपा के साथ रहकर कौन सा कदम उठाएंगे यह फिलहाल कहा नहीं जा सकता।

Created On :   7 April 2018 12:32 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story