- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- अनाज का अवैध परिवहन और भंडारण, मंडी...
अनाज का अवैध परिवहन और भंडारण, मंडी सचिव को जांच के आदेश

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। कृषि उपज मंडी कुसमेली क्षेत्र में अनाज के अवैध परिवहन और भंडारण की लगातार शिकायतों के बाद जबलपुर मंडी बोर्ड के उपसंचालक नागेश सिंह ने सचिव को गोदाम व फर्मों की जांच के आदेश दिए है। गोदाम व फर्मों की जांच कर रिपोर्ट उपसंचालक को देनी होगी। मंडी सचिव को जांच के दौरान अनाज का भौतिक सत्यापन करना होगा।
गौरतलब है कि मंडी क्षेत्र में कई फर्मों में अनाज की सीधी खरीदी की जाती है, जिससे मंडी टैक्स का नुकसान होता है। लेकिन स्थानीय उड़नदस्ता और पदस्थ कर्मचारी ऐसी फर्मों की जांच नहीं करते है। गोदामों का रुटिन जांच के दौरान कर्मचारियों को कोई गड़बड़ी नहीं मिलती है या फिर मंडी में बैठकर ही भौतिक सत्यापन कर दिया जाता है।
पूर्व में जांच के आदेश पर मिली थी खामियां
उपसंचालक नागेश सिंह ने पूर्व में लाल मिर्च का कारोबार करने वाले व्यापारियों के गोदाम व फर्मों के खिलाफ जांच के आदेश दिए थे। इस जांच में मंडी की विशेष टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच की थी। सभी फर्मों की जांच के बाद कुछ ना कुछ अनियमितताएं मिली थी। जिसके बाद मंडी को काफी टैक्स मिला था।
कर्मचारियों की रहती है मिलीभगत
मंडी क्षेत्र की कई विवादित फर्मों से अवैध परिवहन के मामले सामने आते रहे है। इस अवैध परिवहन में मंडी के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत रहती है। पूर्व में कई मामले सामने आने के बाद कर्मचारियों को हटाया भी गया। नरसिंहपुर मार्ग स्थित वेयर हाउस में अवैध तरीके से मिले अनाज का मामला भी सामने आया था जिसे बाद मेंं दबा दिया गया।
जबलपुर के संभागीय मंडी कार्यालय डीडी नागेश सिंह ने कहा है कि कुसमेली मंडी क्षेत्र के गोदामों व फर्मों की जांच के लिए सचिव को आदेशित किया गया है। जिनका भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। कई फर्मों द्वारा अनाज की सीधे खरीदी व अवैध परिवहन कर टैक्स की चोरी की शिकायतें मिल रही है।
Created On :   25 Aug 2017 5:30 PM IST