हिंसा भड़काने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई हो - स्वराज इंडिया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। स्वराज इंडिया ने रामनवमी के दिन देश भर में हुई सांप्रदायिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है। पार्टी ने राज्य सरकारों से मांग की है कि वे नफरत और हिंसा भड़काने वालों के खिलाफ तत्काल और निष्पक्ष कार्रवाई करें। पार्टी ने न्यायपालिका से राज्य सरकारों द्वारा पक्षपातपूर्ण कार्रवाई के मामलों में लोगों के अधिकारों की रक्षा करने का भी आह्वान किया है। स्वराज इंडिया ने यहां जारी बयान में कहा कि मध्यप्रदेश, गुजरात, बिहार, झारखंड, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल में जिस तरह हिंसक झड़पें हुई, वह सत्तारूढ़ दल द्वारा भारत और उसके संविधान पर सीधा हमला है। पार्टी ने देश के लोगों से नफरत के शासन के खिलाफ मजबूती से खड़े होने और साम्प्रदायिकता और नफरत की ताकतों से भारत की रक्षा करने का आह्वान किया है। पार्टी ने कहा कि रामनवमी का त्योहार भगवान राम के जन्म पर मनाई जाती है, जिन्हें धर्म और कर्त्तव्य, दया और निष्पक्षता के लिए पूजा जाता है। रामनवमी के दिन ऐसी हिंसा और घृणा का प्रदर्शन भगवान राम, जिन्हें अल्लामा इकबाल ने इमाम-ए-हिंद कहा था, का अपमान और तिरस्कार है।
Created On :   13 April 2022 10:15 PM IST