मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़ी गई खाड़ी देश में कबूतरबाजी 

Immigration department action: Pigeons in Gulf country caught at Mumbai airport
मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़ी गई खाड़ी देश में कबूतरबाजी 
आव्रजन विभाग की कार्रवाई मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़ी गई खाड़ी देश में कबूतरबाजी 

डिजिटल डेस्क, मुंबई, आशीष सिंह। मस्कट जाने के लिए फर्जी दस्तावेजों के साथ मुंबई एयरपोर्ट पहुंचीं 4 नेपाली महिलाएं बुरी तरह फंस गईं। कागजात फर्जी होने की पुष्टि के बाद एयरपोर्ट पर तैनात आव्रजन विभाग के अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में लेकर सहार पुलिस थाने को सौंप दिया। कबूतरबाजी में शामिल नेपाली और कुछ स्थानीय एजेंटों की तलाश सहार पुलिस कर रही है। चारों महिलाएं पहले नेपाल से दिल्ली आईं। इसके बाद दिल्ली से मुंबई पहुंचीं। काम की तलाश में सभी मस्कत जाना चाहती थीं। लेकिन, मस्कत की उड़ान पकड़ने से पहले ही पुलिस हिरासत में पहुंच गईं।

एयरपोर्ट पर तैनात आव्रजन अधिकारी रुचिका मयकर की शिकायत पर सहार पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई। इसके मुताबिक नेपाली मूल की सुनीता कुमारी राजबंशी (32) और लिलुकुमारी राजबंशी (29) मयकर के काउंटर पर जबकि दिवाती ताजपुरिया (32) व मादेवी नेपाली (22) दूसरे काउंटर पर पहुंचीं। दस्तावेजों की जांच के दौरान आव्रजन अधिकारियों को शक हुआ। दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास से इन्हें जारी अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) के बारे में जानकारी मांगी गई। नेपाली एंबेसी से जानकारी मिली की ऐसी कोई एनओसी नहीं जारी की गई है। इसके बाद चारों को हिरासत में ले पुलिस के हवाले कर दिया गया।

अलग-अलग काउंटर पर पहुंचीं 
नेपाल से आईं चारों महिलाएं एआई-985 उड़ान से एक साथ मस्कत जाने वाली थीं। दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया पूरी करने के लिए ये अलग-अलग काउंटर पर पहुंचीं, जिससे अधिकारियों को शक हुआ। नेपाली दूतावास ने चारों की ओर से पेश एनओसी को फर्जी बताया।

ऐसे खुली कबूतरबाजी की पोल
हिरासत में लेने के बाद आव्रजन विभाग के अधिकारियों ने चारों से पूछताछ की तो कबूतरबाजी की पोल खुल गई। इन महिलाओं ने बताया कि वे रोजगार की तलाश में मस्कत जाना चाहती थीं। इसके लिए चारों ने गुरी नामक नेपाली एजेंट से संपर्क किया था। गुरी ने बताया कि मस्कत में उनके लिए नौकरी का इंतजाम हो गया है। तय हुआ था कि मस्कत पहुंचने पर महिलाएं गुरी को भुगतान करेंगी। 

मुंबई में मिली दूतावास की एनओसी
चारों महिलाओं ने बताया कि गुरी के कहने पर वे काठमांडू से दिल्ली पहुंचीं। दिल्ली से मुंबई आईं। यहां उन्हें गुरी का सहयोगी दूसरा एजेंट मिला, जिसने नेपाली दूतावास की एनओसी, मस्कत का वीजा और हवाई टिकट दिया। इसके बाद सभी दस्तावेज लेकर वे एयरपोर्ट पहुंची थीं।

कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेजा
सहार पुलिस ने नेपाली महिलाओं के खिलाफ आईपीसी की धारा 34, 420, 465, 468, 471 के तहत मामला दर्ज किया है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय गोविलकर ने बताया कि अदालत ने चारों महिलाओं को न्यायिका हिरासत में दिया है। पुलिस नेपाल में बैठे गुरी और मुंबई में उसके सहयोगी एजेन्ट के बारे में जानकारी जुटा रही है।

 

Created On :   14 April 2023 2:17 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story