- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मधुमक्खियों के हमले में 50 घायल, 3...
मधुमक्खियों के हमले में 50 घायल, 3 की हालत गंभीर, हवन-पूजन के दौरान हुआ हादसा

डिजिटल डेस्क, कोंढाली(नागपुर)। मिनीवाड़ा मसाडा गांव के पाास स्थित काठियावाड़ी डेरे में चल रही पूजा के बाद उस समय हड़कंप मच गया जब हवन का धुआं उठते ही मधुमक्खियों के झुंड ने लोगों पर हमला कर दिया। इससे 50 लोग घायल हो गए, जिसमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को फौरन अस्पताल ले जाया गया।
बचने की कोशिश करते रहे लोग
जानकारी के अनुसार कोंढाली से 10 किमी दूर मसाडा गांव के पास घुमंतू काठियावाड़ी चरवाहों का डेरा है। डेरे पर 6 अगस्त की दोपहर 3 बजे धार्मिक कार्यक्रम शुरू था। कार्यक्रम के लिए मलकापुर काठियावाडी डेरे सहित कई महिला, पुरुष शामिल थे। नागपुर के पंडित पूजा करवा रहे थे। दोपहर के समय हवन शुरू हुआ। जैसे ही धुआं ऊपर उठ कर एक पेड़ पर मधुमक्खियों के छत्ते तक पहुंचा, धुएं से निकलकर बड़ी संख्या में मधुमक्खियों ने लोगों पर हमला कर दिया। लोग इधर-उधर भागकर बचने की कोशिश करते रहे, लेकिन मधुमक्खियां पीछा नहीं छोड़ रही थीं।
बताया जाता है कि घटनास्थल की कुछ ही दूरी पर मिनीवाड़ा निवासी शांताबाई लक्ष्मण बावने (50) पूजा स्थल के नजदीक एक नाले से ईंधन के लिए लकड़ियां जमा कर रही थीं। उन पर भी मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। पहले वह बचाव के लिए पानी में छिपी, लेकिन पीछा नहीं छोड़ने पर वह भाग कर पंडित के समीप पहुंच गईं। वहां भी मधुमक्खियों ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों का कोंढाली के निजी अस्पताल में उपचार कर छुट्टी दे दी गई।
गंभीर रूप से घायल शांताबाई का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के वैद्यकीय अधिकारी डॉ. सुनील येरमल तथा डॉ. बोरकर ने उपचार किया। वरिष्ठ नेता नीलकंठराव ढोरे, काटोल पंचायत समिति के सदस्य कृष्णा उईके तथा मिनीवाड़ा के दादाराव लोणगाडगे ने सहयोग किया। अन्य गंभीर रूप से घायल जेठाभाई जोगराणा (70) तथा मोफाबाई जोगराणा (65) का नागपुर के निजी हॉस्पिटल में उपचार शुरू है।
Created On :   7 Aug 2018 12:27 PM IST