- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- रात भर की बारिश में मक्का का रंग...
रात भर की बारिश में मक्का का रंग हुआ काला, नहीं हुई नीलामी

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। रविवार सोमवार की मध्य रात्रि को हुई बारिश के कारण कृषि उपज मंडी में अपनी उपज बेचने आए किसानों के बुरे हाल हैं। रविवार को दिन से शुरू हुई बारिश रात को भी जारी रही नतीजतन कृषि उपज मंडी प्रांगण में खुले में पड़ा किसानों और व्यापारियों का अनाज जिसमें मक्का सबसे अधिक है गीला हो गया। रात भर हुई बारिश के बाद मक्का काला पड़ गया है और बहुत बड़ा हिस्सा बेचने लायक नहीं बचा है। हालात यह रही कि बारिश के कारण जितना मक्का भीगा था, उसकी नीलामी नमी का कारण बताकर नहीं हुई। अब किसानों को डर सता रहा है कि मेहनत से लाए मक्का के रेट नहीं मिल पाएंगे। वहीं मंडी प्रशासन की इस अनदेखी का खामियाजा किसानों को चुकाना पड़ रहा है।
कृषि मंडी का फरमान, रात 12 बजे के बाद किसानों को प्रवेश
कृषि उपज मंडी प्रशासन का अजीबो-गरीब फरमान जारी हुआ है। व्यवस्था बनाने के नाम में कृषि उपज मंडी में अपनी उपज बेचने आने वाले किसानों के लिए समय निर्धारित कर दिया है। इसके अनुसार रात के 12 बजे से सुबह 9 बजे तक ही किसानों को कृषि उपज मंडी में प्रवेश मिल पाएगा। यानी इसके बाद यदि किसान आता है तो उसे उपज बेचने के लिए इंतजार करना होगा। इसी प्रकार सुबह 10 बजे से नीलामी प्रक्रिया शाम तक चलेगी और इसके बाद रात बारह बजे तक ट्रक लोडिंग का काम चलेगा। हालांकि इस आदेश को लेकर कुछ किसानों ने नाराजगी जताई है।
Created On :   22 Nov 2021 11:47 PM IST