- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- वर्धा
- /
- बापूकुटी में नहीं होगा भारत जोड़ो...
बापूकुटी में नहीं होगा भारत जोड़ो यात्रा का आगमन, कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक राहुल की यात्रा

डिजिटल डेस्क, वर्धा. कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष तथा सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में 7 सितंबर से शुरू हो रही भारत जोड़ो यात्रा के पांच राज्यों की यात्राकेक बाद नवंबर में महाराष्ट्र में आगमन होगा। लेकिन इस यात्रा का आगमन वर्धा अथवा सेवाग्राम के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बापूकुटी में नहीं होगा। भारत जोड़ा यात्रा के सेवाग्राम नहीं आने पर जहां अनेक सवाल उपस्थित हो रहे हैं, वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व गांधीवादी इस दिशा में प्रयासरत हो गए हैं। सेवाग्राम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की कर्मभूमि रही है। यहीं से स्वतंत्रता के आंदोलन की उन्होंने शुरुआत की थी। इस कारण गांधी परिवार का कोई बड़ा सदस्य यात्रा निकालता है, तो वह बापूकुटी में जरूर आते हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी सेवाग्राम आ चुकी हैं। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने कांग्रेस के जिला कार्यालय से लेकर बापूकुटी तक सद्भावना यात्रा निकाली थी। सोनिया गांधी भी इसके पहले निकाली दो पदयात्रा में सेवाग्राम आ चुकी हैं। राहुल गांधी भी कई बार सेवाग्राम की बापूकुटी आ चुके हैं। बता दें कि कांग्रेस के उदयपुर के चिंतन शिविर में देशव्यापी भारत जोड़ो यात्रा निकालने का निर्णय हुआ था। सांसद राहुल गांधी का खेमा यात्रा की तैयारी में लगा था। इसी बीच पार्टी से वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने अलविदा कह दिया। इसके बाद आरोप प्रत्यारोप का दौर के बीच यात्रा का नियोजन किया जा रहा है।
राज्य में यात्रा का पहला चरण नांदेड जिले से आरंभ होगा। तमिलनाडु के आखिरी छोर पर बसे कन्याकुमारी से यह भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर से शुरू होनेवाली है। तकरीबन दो महीने की यात्रा के बाद नवंबर के पहले अथवा दूसरे सप्ताह इस यात्रा के राज्य में आने की संभावना है। राज्य में यह यात्रा सर्वप्रथम नांदेड जिले में आयेगी। उसके बाद तीन दिन के कार्यक्रम के पश्चात हिंगोली मार्ग से विदर्भ की ओर आगमन करेंगी। लेकिन सांसद राहुल गांधी के इस दौरे में वर्धा अथवा सेवाग्राम की बापूकुटी में आने का नियोजन नहीं हैं. इस कारण भारत जोड़ो यात्रा को सेवाग्राम लाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व गांधीजन प्रयासरत हैं। तकरीबन पांच माह तक चलनेवाली यह यात्रा 12 राज्यों से होते हुए 3 हजार 500 किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए कश्मीर पहुंचेंगी। इस दरम्यान सांसद राहुल गांधी विविध राज्य के कई गांवों में ठहरेंगे।
Created On :   1 Sept 2022 7:38 PM IST