Wardha News: वर्धा जिले की छह नगर परिषदों में 44 की जगह होंगे 50 ओबीसी पार्षद

वर्धा जिले की छह नगर परिषदों में 44 की जगह होंगे 50 ओबीसी पार्षद
  • महिला सदस्यों की संख्या 74 से बढ़कर होगी 82
  • सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार चुनाव की तैयारियां

Wardha News सुप्रीम कोर्ट ने स्थानीय निकाय चुनाव के संबंध में ओबीसी को 27 प्रतिशत तक आरक्षण देकर चुनाव कराने के आदेश दिए हंै। बढ़ी हुई जनसंख्या के आधार पर चुनाव लिए जानेवाले हैं। इससे प्रभागों के साथ नगर परिषदों के सदस्यों की संख्या भी बढ़ गई है। लिहाजा जिले की छह नगर परिषदों में 44 के बजाए 50 ओबीसी नगरसेवक होंगे। साथ ही महिला सदस्यों की संख्या 74 से बढ़कर 82 होनेवाली है।

जिले की छह नगर परिषदों का कार्यकाल समाप्त होकर अब चार वर्ष का समय पूरा होने को है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार चुनाव की तैयारियां की जा रही है। इसी में सुप्रीम कोर्ट ने ओबीसी प्रवर्ग को 27 प्रतिशत तक आरक्षण देने का महत्वपूर्ण निर्णय दिया है। नगर परिषद क्षेत्र में जनसंख्या बढ़ने के कारण प्रभाग व सदस्यों की संख्या बढ़ गई है। इस कारण छह नगर परिषद में ओबीसी प्रवर्ग के 44 के बजाए 50 नगरसेवक चुनकर जानेवाले हंै। जिले में 2016 में हुए चुनाव के दौरान वर्धा व हिंगणघाट नगर परिषद में 19 प्रभाग में से 38 नगरसेवक चुनकर गए थे। इसमें 10 ओबीसी प्रवर्ग के थे। अब 40 नगरसेवकों में से 11 ओबीसी प्रवर्ग के नगरसेवक रहेंगे। इसी प्रकार देवली व सिंदी नगर परिषद में 8 प्रभागों में से 17 नगरसेवक चुनकर गए थे। इसमें 5 ओबीसी प्रवर्ग के थे।

अब चुनकर जानेवाले 20 नगरसेवकों में से 6 ओबीसी प्रवर्ग के रहेंगे। आर्वी विधानसभा में 11 प्रभाग में से 23 नगरसेवक चुनकर गए थे। उसमें के 8 ओबीसी प्रवर्ग के थे। अब 25 में से 9 ओबीसी प्रवर्ग के नगरसेवक होंगे। वही पुलगांव नगर परिषद में 9 प्रभागों में से 19 नगरसेवक चुनकर गए थे। उसमें से 6 ओबीसी प्रवर्ग के थे। अब 21 नगरसेवक चुनकर जानेवाले है। उसमें से 7 ओबीसी प्रवर्ग के रहेंगे। छह नगर परिषदों में कुल 44 ओबीसी प्रवर्ग के नगरसेवक हैं। हर नगर परिषद में 1 इस प्रकार 6 नगरसेवक बढ़ने के कारण जिले की छह नगरपरिषदों में 50 ओबीसी प्रवर्ग के नगरसेवक रहेंगे।

बढ़ेगी महिलाओं की हिस्सेदारी : स्थानीय निकाय चुनाव में सभी प्रवर्गों की महिलाओं को 50 प्रतिशत तक आरक्षण दिया गया है। इसके अनुसार जिले की छह नगर परिषदों के कुल 152 सदस्यों में 74 महिला सदस्य थे। इस बार वर्धा, हिंगणघाट, आर्वी व पुलगांव नगर परिषदों में 1-1 व देवली व सिंदी नगर परिषद में 2-2 इस प्रकार से कुल 8 महिला नगरसेविका बढ़ने से महिला सदस्यों की संख्या 82 होनेवाली है।

जितने प्रभाग संख्या उतनी महिला नगरसेविका : नगर परिषद के गत बार व इस बार भी होनेवाले चुनाव में अनूठा संयोग सामने आ रहा है। गत समय 2016 में हुए चुनाव में छह नगर परिषदों में 74 प्रभागों में चुनाव हुए थे। उस समय 74 महिलाएं सदस्य बनी थीं। इस बार 82 प्रभागों में चुनाव होनेवाले हैं। वहीं 82 ही नगरसेविका चुनी जानेवाली हंै। इस समय वर्धा व हिंगणघाट में 20-20 प्रभाग, पुलगांव, देवली व सिंदी रेलवे में 10-10 प्रभाग व आर्वी नगर परिषद में 12 इस प्रकार से 82 प्रभागों में चुनाव होनेवाला है।

Created On :   6 Aug 2025 3:56 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story