Wardha News: वर्धा में छाएगी हरियाली, तीन महीने में लगाए जाएंगे 2.20 लाख पौधे

वर्धा में छाएगी हरियाली, तीन महीने में लगाए जाएंगे 2.20 लाख पौधे
  • हरित महाराष्ट्र के तहत नप, ग्रापं और स्कूल भी होंगे शामिल
  • जिले के विभिन्न विभागों और संस्थाओं को सौंपी गई जिम्मेदारी

Wardha News महाराष्ट्र सरकार की महत्त्वाकांक्षी ‘हरित महाराष्ट्र, समृद्ध महाराष्ट्र’ योजना के अंतर्गत वर्धा जिला भी अब हरियाली की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। राज्य में वर्ष 2025 के लिए निर्धारित 10 करोड़ पौधारोपण के लक्ष्य में से वर्धा जिले को कुल 2 लाख 20 हजार 500 पौधे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। यह पौधारोपण कार्य जुलाई से सितंबर 2025 तक तीन चरणों में चलेगा। जिसकी जिम्मेदारी जिले के विभिन्न विभागों और संस्थाओं को सौंपी गई है। शासन के हालिया आदेश के अनुसार नगर परिषद वर्धा को 1 लाख 27 हजार पौधों का सबसे बड़ा लक्ष्य मिला है, जो शहर के विभिन्न वार्डों, सड़क किनारे, उद्यानों और सार्वजनिक स्थलों पर रोपे जाएंगे। इसके साथ ही ग्रामीण विकास विभाग भी पीछे नहीं है, जिसे जिले की ग्राम पंचायतों और पंचायत समितियों के माध्यम से 50 हजार पौधे लगाने के निर्देश मिले हैं।

इस अभियान की खास बात यह है कि इसमें केवल वन विभाग ही नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला बाल विकास, लोक निर्माणकार्य विभाग, कृषि और जलसंपदा जैसे विविध विभागों को सक्रिय भूमिका दी गई है। स्कूल परिसरों में भी 18 हजार पौधे लगेंगे, जो विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाएंगे। इसी तरह कृषि विभाग को 10 हजार, वन विभाग को 7500, लोक निर्माणकार्य विभाग और स्वास्थ्य विभाग को क्रमशः 4-4 हजार पौधे लगाने का कार्य सौंपा गया है। शासन ने स्पष्ट किया है कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखरेख, सिंचाई, सुरक्षा और जियो टैगिंग भी अनिवार्य होगी, जिसके लिए एक केंद्रीकृत पोर्टल (builddataportal.in) बनाया गया है। सभी विभागों को अपनी प्रगति की रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड करनी होगी ताकि हर चरण की निगरानी की जा सके।

शासन की इस योजना को केवल सरकारी आदेश मानना भूल होगी, क्योंकि यह आने वाले समय में पर्यावरणीय संतुलन, जलसंवर्धन और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से लड़ने का मजबूत हथियार बनने जा रही है। हर वर्ष बढ़ती गर्मी, घटती वर्षा और मिट्टी के क्षरण की समस्याओं से जूझ रहे वर्धा जिले के लिए यह अवसर है कि वह अपनी हरियाली को फिर से संवार सके। इसीलिए ‘एक व्यक्ति एक वृक्ष’ की भावना को जन-आंदोलन का रूप देने के लिए प्रशासन ने नागरिकों, स्कूलों, सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों से अपील की है कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और अपने हिस्से का एक पौधा जरूर लगाएं। यदि यह वृक्षारोपण सिर्फ सरकारी तिथियों तक सीमित न रहकर जनमानस की आदत बन जाए, तो वर्धा जिला आने वाले वर्षों में पर्यावरणीय उदाहरण बन सकता है।

जनभागीदारी से सफल बनाएंगे : नगर नगर परिषद को पौधे लगाने का जो लक्ष्य मिला है, वह हमारे लिए गौरव की बात है और इसे हम जनभागीदारी से सफल बनाएंगे। आरोग्य विभाग स्वयं भी इसमें सक्रिय भूमिका निभाएगा। जल्द ही अस्पताल परिसरों, स्वास्थ्य केंद्रों और शहरी स्लम क्षेत्रों में जगह निर्धारित करेंगे और पौधे लगाकर हम नागरिकों को साफ हवा और बेहतर जीवन देने की दिशा में काम कर रहे हैं। - प्रशांत रागाले,विभाग प्रमुख, स्वास्थ्य विभाग, नप वर्धा.


Created On :   20 Jun 2025 3:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story