मोदी सरकार के विरोध में उतरेगा RSS का भारतीय मजदूर संघ

Indian Labor Union protest against modi government
मोदी सरकार के विरोध में उतरेगा RSS का भारतीय मजदूर संघ
मोदी सरकार के विरोध में उतरेगा RSS का भारतीय मजदूर संघ

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ा भारतीय मजदूर संघ (भामसं) केंद्र सरकार की नीतियों से नाराज चल रहा है। अपनी नाराजगी प्रकट करने संघ नवंबर में संसद भवन पर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा निकालने वाला है। यही नहीं, आगामी रणनीतियों तय करने के लिए संघ के महत्वपूर्ण पदाधिकारियों की नागपुर में दो दिवसीय बैठक भी होने जा रही है। बैठक में भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी, क्षेत्रीय प्रमुख और सभी उद्योग प्रभारी मौजूद रहेंगे। 

6 और 7 अक्टूबर को नागपुर के तात्या टोपे सभागृह, तात्या टोपे नगर और सुरेंद्र नगर में बैठकें होगी। जिसमें आगामी कार्यक्रम, संसद पर मोर्चा, नीति आयोग की कामगार विरोधी नीति और केंद्र- राज्य सरकार की कामगार विरोधी नीति पर चर्चा कर मजदूर संघ अपना एजेंडा तय करेगा। चर्चा में संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष साजीनारायण, राष्ट्रीय महामंत्री विरजेश उपाध्याय, राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री सुरेंद्र उपस्थित रहेंगे। 

सरकार का खुलकर विरोध

चर्चा है कि आरएसएस से जुड़ा एक बड़ा वर्ग केंद्र सरकार की नीतियों से नाराज है। खासकर भारतीय मजदूर संघ खुलकर विरोध कर रहा है। अनेक कार्यक्रमों में वह केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर चुका है। हाल में पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा और अब पूर्व मंत्री अरुण शौरी द्वारा सरकार की आर्थिक नीतियों को कटघरे में खड़ा किया गया है। 

बैठक इसलिए महत्वपूर्ण

भामसं का नागपुर में बैठक करना कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। महत्वपूर्ण इसलिए भी है क्योंकि विजयादशमी उत्सव कार्यक्रम में आरएसएस ने खुलकर मोदी सरकार की प्रशंसा की है। ऐसे में भामसं सरकार की नीतियों के खिलाफ एजेंडा तय करने नागपुर में बैठक करना कई संकेत दे रहा है।

Created On :   5 Oct 2017 6:53 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story