- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मार्च से शुरू होगी इंडिगो की नई...
मार्च से शुरू होगी इंडिगो की नई उड़ान !

डिजिटल डेस्क, नागपुर। इंडिगो मार्च से नागपुर से नई उड़ान सेवा शुरू करने की संभावना तलाश रही है। इंडिगो 4 नए एयरक्रॉफ्ट खरीदने की तैयारी में है, जिसके बाद यह उड़ान सेवा शुरू की जाएगी। फिलहाल कोई रूट तय नहीं किया गया है, लेकिन नई उड़ान शुरू करने के लिए आवश्यक संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। एक तरफ इंडिगो जहां नई उड़ान शुरू करना चाहती है, वहीं उसकी वर्तमान की उड़ानें समय की पटरी से उतरी हुई हैं। कोहरे के कारण रोज उसकी विमानसेवा प्रभावित हो रही है।
देरी से पहुंच रही फ्लाइट्स
बंगलुरु से आने वाला इंडिगो विमान क्रमांक 365 अपने तय समय दोपहर 3.55 बजे से करीब 2 घंटे देरी से, दिल्ली से आने वाला एयर इंडिया का विमान क्रमांक 657 अपने तय समय सुबह 4.20 बजे से करीब 35 मिनट देरी से, मुंबई से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक 403 अपने तय समय शाम 5.30 बजे से करीब 1 घंटा देरी से, बंगलुरु से आने वाला गो एयर का विमान 142 अपने तय समय रात 8.40 बजे से करीब 45 मिनट देरी से पहुंचा।
रात अभी भी ठंडी
मकर संक्रांति के बाद से सूर्य के उत्तरायण होते ही दिन में धूप का तीखापन बढ़ने लगा है। हालांकि रात अभी भी ठंडी बनी हुई है। हवा की गति और इसमें समाई ठंडक दिन में भी लोगों को राहत दे रही है। दोपहर में धूप असहनीय हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, हिमालय क्षेत्र में भले ही अभी बर्फबारी हो रही हो, लेकिन हवा की दिशा दक्षिण-दक्षिणपूर्व होने से ठंडक का असर कम है। हालांकि गति करीब 5 से 7 किमी प्रतिघंटा होने रात में विंड चिल्ड फैक्टर बना हुआ है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अंतर काफी बढ़ गया है। सोमवार को अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान में करीब 35 डिग्री का रहा।
ऐसा रहा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री ऊपर चढ़कर 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री नीचे 8.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता अधिकतम 81 तथा न्यूनतम 42 प्रतिशत रिकार्ड की गई।
यह है अनुमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि फिलहाल पारे में विशेष परिवर्तन के आसार नहीं हैं। न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे चढ़ने की आशा है। मौसम शुष्क बना रहेगा। हिमालय की वादियों में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके पीछे एक प्रेरित चक्रवाती चक्र के हिमालय की वादियों एवं उत्तर-भारत के मैदानी इलाकों में सक्रिय होने के आसार हैं। इसके प्रभाव से विदर्भ के कुछ हिस्सों में 25 से 27 जनवरी के बीच गरज के साथ छिटपुट बौछारें या बूंदाबांदी हो सकती हैं।
Created On :   22 Jan 2019 1:01 PM IST