किसानों को छल रही बीमा कंपनी, सरकार ने की 25 करोड़ से ज्यादा की मदद

Insurance company deceiving, gov helped 25 crores to farmers
किसानों को छल रही बीमा कंपनी, सरकार ने की 25 करोड़ से ज्यादा की मदद
किसानों को छल रही बीमा कंपनी, सरकार ने की 25 करोड़ से ज्यादा की मदद

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सरकार आपदा प्रभावित किसानों के लिए भले ही मदद का हाथ बढ़ाया हो लेकिन बीमा कंपनी ने किसानोंं को अब  तक फूटी कौड़ी नहीं दी है। बता दें कि आेलावृष्टि से हुई फसल की बर्बादी पर सरकार ने किसानों पर मदद का हाथ फेरते हुए जिले के 19934 किसानों को 25 करो़ड़ 41 लाख 75 हजार 887 रुपए की क्षतिपूर्ति राशि दी, लेकिन बीमा कंपनी के हाथ से किसानों के लिए पैसे निकल नहीं रहे हैं। याद रहे कि, इस वर्ष फरवरी में हुई आेलावृष्टि से जिले में रबी सत्र के दौरान ली गई गेहूं, चना, संतरा व मोसंबी की फसल बर्बाद हो गई थी। 

इन क्षेत्रों के किसानों का सर्वाधिक नुकसान
आेलावृष्टि से सबसे ज्यादा फसल को नुकसान काटोल, नरखेड़ में पहुंचा था। इसके अलावा कलमेश्वर, सावनेर, पारशिवनी व रामटेक में भी फसल बर्बादी हुई थी। किसानों के भारी विरोध के बाद सरकार ने किसानों को क्षतिपूर्ति देने के अलावा बीमा कंपनियों से भी मदद दिलाने का आश्वासन दिया था। सरकार ने प्रति हेक्टेयर 6,800 के हिसाब से मदद की। एक किसान के लिए 2 हेक्टेयर की सीमा रखी गई थी। राज्य सरकार ने जिले के 19,934 किसानों को 25 करोड़ 41 लाख 75 हजार 887 रुपए की क्षतिपूर्ति राशि दी। इधर बीमा कंपनियों ने मुआयना किया, लेकिन अभी तक फूटी कौड़ी की मदद नहीं की है। गेहूं, चना के लिए नेशनल इंश्योरेंस कंपनी व संतरा, मोसंबी के लिए एचडीएफसी अरगो कंपनी से  बीमा कराया गया था। जिला प्रशासन की तरफ से जरूरी जानकारी बीमा कंपनियों को भेजी गई है। बीमा कंपनी से मिलने वाली मदद तकनकी नियमों में फंस गई है। हालांकि कृषि विभाग ने अब तक इस बारे में हार नहीं मानी है। कृषि विभाग को उम्मीद है कि, जिले के किसानों को फसल बीमा का लाभ जरूर मिलेगा। हालांकि इसमें समय लगता है। 

सरकार ने की मदद
सरकार ने आेलावृष्टि से प्रभावित किसानों को 25 करोड़ से ज्यादा की राशि क्षतिपूर्ति के रूप में दी है। इसके लिए मार्च महीने में ही सरकार ने जीआर जारी किया था। बीमा राशि का मामला बीमा कंपनियां देख रही है। आेलावृष्टि से जिले की छह तहसीलों में फसल बर्बाद हुई थी। 
सुभाष चौधरी, उपजिलाधीश, नागपुर 
 

अब तक नहीं मिली बीमाराशि
आेलावृष्टि से फसल व फल उत्पादक किसानों को हुए नुकसान का पंचनामा किया गया था। बीमा कंपनियों के अधिकारियों ने कृषि विभाग व जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ मिलकर नुकसानग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर रिपोर्ट तैयार की थी। अभी तक बीमा कंपनियों से किसानों को क्षतिपूर्ति नहीं मिली है। हमारी तरफ से जरूरी प्रक्रिया पूरी की गई है। बीमा कंपनियों के क्षतिपूर्ति नियमों में जितने किसान बैठेंगे, उन्हें कंपनी से क्षतिपूर्ति मिलने की उम्मीद है। 
अधीक्षक, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय, नागपुर 
 

Created On :   13 Jun 2018 12:06 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story