राजीव गांधी के नाम पर महाराष्ट्र में मिलेगा आईटी पुरस्कार

जयंती पर खास राजीव गांधी के नाम पर महाराष्ट्र में मिलेगा आईटी पुरस्कार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भारत में खेल जगत के सर्वोच्च सम्मान खेल रत्न पुरस्कार से पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का नाम हटाने के बाद प्रदेश की महाविकास आघाड़ी सरकार ने राजीव गांधी के नाम पर एक अन्य पुरस्कार की घोषणा की है। महाराष्ट्र सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नाम पर सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संस्थानों को पुरस्कार शुरू करने का फैसला किया है। 

मंगलवार को राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। इसके अनुसार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग के उपविभाग सूचना प्रौद्योगिकी ने बिना किसी आर्थिक भार के राजीव गांधी के नाम से पुरस्कार देने के लिए संस्थाओं को चिन्हित करने हेतु राज्य के महाराष्ट्र सूचना व प्रौद्योगिकी महामंडल (महाआईटी) का चयन किया है। इसके तहत चालू वर्ष में महाआईटी की ओर से 20 अगस्त 2021 को राजीव गांधी के नाम से पुरस्कार की घोषणा की जाएगी।

इसके बाद महाआईटी की ओर से 30 अक्टूबर 2021 से पहले आईटी क्षेत्र में बेहतर काम करने वाली संस्थाओं को चिन्हित करने का मापदंड और चयन प्रक्रिया पूरी कर पुरस्कार दिए जाएंगे। जबकि अगले साल से महाआईटी की ओर से हर साल राजीव गांधी की जयंती पर 20 अगस्त को संस्थानों को यह पुरस्कार दिया जाएगा। 

उल्लेखनीय है कि राज्य में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के पास राज्य में सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की जिम्मेदारी है। जबकि सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के राज्य मंत्री कांग्रेस के नेता सतेज पाटील हैं। शासनादेश के अनुसार बीते 7 जुलाई को आईटी राज्य मंत्री पाटील ने एक बैठक में सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में काम करने वाली संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार देने का फैसला किया था। इसके अनुसार सरकार की ओर से अब शासनादेश जारी किया गया है।

सरकार का कहना है कि राजीव गांधी ने भारत के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए आईटी के प्रसार और राष्ट्रीय विकास में उसके परिणामकारक इस्तेमाल के लिए जोर दिया था। इसलिए आईटी क्षेत्र में बेहतर काम करने वाली संस्थाओं को उनके नाम पर पुरस्कार देना उचित होगा। इसके पहले पिछले सप्ताह में प्रधानमंत्री ने राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार का नाम बदलकर हॉकी के महान खिलाड़ी ध्यानचंद का नाम देने का फैसला किया था।

 

Created On :   10 Aug 2021 9:28 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story