- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- बारिश हुई न बाढ़ आई, धंस गया कन्हान...
बारिश हुई न बाढ़ आई, धंस गया कन्हान नदी का पुल

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा/सौंसर। क्षेत्र में सोमवार को न तेज बारिश हुई न नदी नालों में बाढ़ आई। इसी बीच लोधीखेड़ा-रंगारी मार्ग पर कन्हान नदी पुल के बीच का हिस्सा धंस गया। सोमवार सुबह 9.30 बजे से पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया। पुल कैसे धंसा, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा, लेकिन जानकारों का कहना है भारी वाहनों की आवाजाही से पुल धंस गया।
लोधीखेड़ा-रंगारी मार्ग पर कन्हान नदी का पुल धंसने से खमारपानी व्हाया औद्योगिक चौराहे से साईखेड़ा 27 किमी राज्य मार्ग का आवागमन बंद हो गया। इससे छिंदवाड़ा-जबलपुर मार्ग का चौरई होकर साईखेड़ा में भोपाल-नागपुर मार्ग से जुडऩे वाले राज्य मार्ग का परिवहन प्रभावित हुआ है। पुल धंसने की सूचना के बाद लोक निर्माण विभाग ने पुल के दोनों ओर बेरिकेड लगाकर आवागमन रोक दिया है।
यह होगा वैकल्पिक मार्ग
रगांरी-लोधीखेड़ा के बीच पुल धंसने से इस मार्ग के छोटे वाहनों का आवागमन अब रंगारी, घोटी व्हाया बेरडी मार्ग से होगा। इसी तरह भारी वाहनों को रंगारी व्हाया घोटी रामाकोना मार्ग से सफर करना होगा। इससे वाहनों को 16 से 25 किमी का लंबा सफर तय करना होगा।
बाजार प्रभावित, कामगार परेशान
कन्हान नदी पुल के धंसने से 15 गांवों के संपर्क केंद्र लोधीखेड़ा का बाजार के साथ ही स्वास्थ्य और अन्य सेवाएं भी प्रभावित हुई। औद्योगिक कंपनियों के 40 फीसदी कामगार कन्हान क्षेत्र के हंै। पुल धंसने से कामगारों को कंपनी पहुंचने के लिए लंबा सफर तय करना पड़ेगा।
निर्माण के दौरान बह गया था पुल
कन्हान नदी पर रंगारी के निकट पुल का निर्माण सन 2000 में पूर्ण हुआ था। पुल निर्माण में 9 साल लगे थे। इस दौरान 1998 की बाढ़ में निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा बह गया था। रंगारी के वरिष्ठ नेता आनंद ठाकरे का कहना है कि पुल का निर्माण सामन्य परिवहन के लिए था, लेकिन बीते एक दशक से पुल से ओवरवेट परिवहन हो रहा है।
इनका कहना है
पुल सेतू निगम का है, घटना की प्रशासन को सूचना दी है।
जमील अख्तर
एसडीओ पीडब्ल्यूडी
Created On :   30 Aug 2021 10:53 PM IST