खराब काम सुधारने के लिए दिया नोटिस तो ले ली जान

Kirti Vyas killed, missing since two months, 2 accused arrested
खराब काम सुधारने के लिए दिया नोटिस तो ले ली जान
खराब काम सुधारने के लिए दिया नोटिस तो ले ली जान

डिजिटल डेस्क, मुंबई। करीब दो महीनों से लापता कीर्ति व्यास (28) नाम की लड़की की हत्या हो चुकी है। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने मामले में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी भी उसी सैलून में काम करते थे और कीर्ति ने उनमें से एक को खराब काम करने के चलते नोटिस दिया था। काम में सुधार न करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। पुलिस के मुताबिक इसी से नाराज होकर आरोपियों के कीर्ति की जान ले ली। आरोपियों की कार से मिले खून के धब्बे कीर्ति की थे जांच में इस बात की पुष्टि हुई है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम सिद्धेश ताम्हणकर और खुशी साजवानी है।  

कीर्ति अंधेरी स्थित बी ब्लंट नाम के एक सलून में बतौर फाइनेंस मैनेजर काम करतीं थीं। यह सलून अभिनेता फरहान अख्तर की पूर्व पत्नी अधूना का है। फरहान ने भी सोशल मीडिया के जरिए लोगों से कीर्ति की सूचना देने की अपील की थी। गिरफ्तार आरोपी सिद्धेश बी ब्लंट सैलून में अकाउंट एग्जिक्यूटिव और खुशी अकादमी मैनेजर के तौर पर काम करते हैं और दोनों के बीच प्रेम संबंध है। अपराध शाखा के एक अधिकारी ने बताया कि 16 फरवरी को दोनों आरोपी कार लेकर पहले से ही कीर्ति के घर के पास तैनात थे। कीर्ति जैसे ही इमारत से बाहर आई आरोपियों ने कहा कि वे ऑफिस ही जा रहे हैं और वह साथ चल सकती है। 

ये है मामला 
सिद्धेश को दी गई नोटिस की तारीख उसी दिन खत्म हो रही थी। जिसका उसे जवाब देना था। इसी बात को लेकर आरोपियों ने अपनी कार में ही कीर्ति की जान ले ली और शव ठिकाने लगा दिया। बाद में आरोपियों ने पुलिस से दावा किया कि उन्होंने कीर्ति को ग्रांट रोड स्टेशन के पास छोड़ दिया था। लेकिन सीसीटीवी तस्वीरों की जांच से साफ हुआ कि वह स्टेशन पहुंची ही नहीं। लेकिन पुलिस को वारदात में इस्तेमाल कार की डिकी से खून के धब्बे मिले थे। डीएनए जांच में साफ हुआ कि खून कीर्ति का ही था। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ हत्या के आरोप में एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

कीर्ति का शव तीन टुकड़े कर अलग अलग जगहों पर ठिकाने लगाने के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए कार की पूरी सफाई करा दी। लेकिन डिकी में मौजूद खून के धब्बों ने आरोपियों के खिलाफ सबूत दे दिए। पुलिस कीर्ति के शव की तलाश में जुटी हुई है। वहीं कोर्ट में पेशी के बाद दोनों को 11 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। 

Created On :   6 May 2018 11:00 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story