जानिए - मुकेश अंबानी के घर के पास मिली कार में मिली जिलेटिन का क्या है नागपुर कनेक्शन

Know - what is connection from Nagpur, gelatin found in the car near Mukesh Ambanis house
जानिए - मुकेश अंबानी के घर के पास मिली कार में मिली जिलेटिन का क्या है नागपुर कनेक्शन
जानिए - मुकेश अंबानी के घर के पास मिली कार में मिली जिलेटिन का क्या है नागपुर कनेक्शन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मुंबई में उद्योगपति मुकेश अंबानी के निवास स्थान के समीप खड़ी स्काॅर्पियो में करीब 20 जिलेटिन (विस्फोटक) छड़ी पाई गई। कार में पाई गई जिलेटिन नागपुर जिले के बाजारगांव के समीप स्थित सोलार एक्सप्लोसिव उद्योग समूह में निर्मित बताई जा रही है। वाहन व जिलेटिन वहां कैसे पहुंची, कौन लाया? इस मामले की जांच में मुंबई क्राइम ब्रांच पुलिस जुट गई है। शुक्रवार को कोंढाली पुलिस सोलार एक्सप्लोसिव कार्यालय पहुंची थी। इस संदर्भ में कोंढाली के थानेदार विश्वास फुल्लरवार ने बताया कि वरिष्ठ संबंधित अधिकारी जांच कर रहे हैं।

नागपुर में 22 कंपनियां तैयार करती हैं विस्फोटक सामग्री

नागपुर जिले में लगभग 22 कंपनियां हैं, जो बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्रियों का निर्माण करती हैं। इसमें से ही एक कंपनी है, बाजार गांव कोंढाली में सोलार एक्सप्लोसिव। इसके संचालक सत्यनारायण नुवाल हैं। इस कंपनी में निर्मित विस्फोटक सामग्री देश के सबसे बड़े उद्यमी मुकेश अंबानी के आवास एंटीलिया के कुछ ही दूरी पर िमली है। सवाल उठ रहा है कि आखिरकार यह सामग्री वहां तक पहुंची कैसे। इस संबंध में मुंंबई पुलिस के अपराध शाखा ने जांच पड़ताल शुरू की है। प्रारंभिक पूछताछ फोन पर ही हुई है। बहुत जल्द जांच टीम नागपुर में भी दाखिल होने वाली है।  

पहले भी मिलती रही हैं विस्फोटक सामग्री

एटीएस के निरीक्षक राजकुमार का कहना है कि पहले एटीएस और स्थानीय पुलिस विस्फोटक निर्माण करने वाली सामग्री का औचक निरीक्षण करती थी, लेकिन गत कुछ वर्षों से यह काम किन्हीं कारणों से बंद कर दिया गया।  एक्सप्लोसिव विभाग के पास ही इसका लेखा-जोखा रहता है। कंपनी प्रबंधन खुद होकर अपने डिस्ट्रीब्यूटरों का रिकॉर्ड एक्सप्लोसिव विभाग के पास जमा करता है। इस कारण पहले भी जम्मू कश्मीर, हैदराबाद, पुणे और गड़चिरोली जिले में तो आए दिन नागपुर जिले में तैयार हुई विस्फोटक सामग्री मिलती रही हैं।

अभी नागपुर पुलिस को जांच में शामिल नहीं किया 

घटित प्रकरण के बारे में पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार और जिला पुलिस अधीक्षक राकेश ओला का कहना है कि मुंबई में िमले विस्फोटक के बारे में कोई आदेश नहीं मिला है और ना ही मुंबई पुलिस ने हमसे कोई संपर्क किया है।
सवाल : मुकेश अंबानी के घर के बाहर जो विस्फोटक सामग्री में जिलेटिन मिली है वह आपकी कंपनी की है? 
जवाब : मुझे भी ऐसी जानकारी मिली है।
सवाल : क्या आपके पास मुंबई पुलिस से इस मामले में कोई फोन आया?
जवाब : हां, गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे फोन आया था। वे जिलेटिन से जुड़ी जानकारी पूछ रहे थे। हमारे स्टाफ ने उन्हें जानकारी दी है।
सवाल : क्या आप बता सकते हैं कि आपकी कंपनी से वह जिलेटिन कब और किसने खरीदी?
जवाब : जो हमारे यहां से जिलेटिन खरीदते हैं, उन सभी के रिकॉर्ड हमारे पास हैं। जिस बक्से में यह पैक होती है, उस पर बार कोड सहित कई तरह की जानकारी लिखी रहती थी, मगर हर जिलेटिन में वह सभी जानकारी नहीं रहती।
सवाल : क्या हर जिलेटिन का हिसाब नहीं रखा जाता?
जवाब : हमें जो सरकार से गाइड लाइन हैं, उसके अनुसार ही हम काम करते हैं। अभी वहां से ऐसी कोई गाइड लाइन नहीं है। अच्छा होता यदि ऐसे नियम होते तो।
सवाल : क्या आपने अपने रिकॉर्ड पुलिस को सौंप दिए हैं?
जवाब : उन्होंने अभी मांगे नहीं। मांगेंगे तो सौंप देंगे। वैसे भी पुलिस के पास पहले ही हम रिकॉर्ड सबमिट करते हैं।
 

Created On :   27 Feb 2021 10:52 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story