86 लाख की लॉटरी के चक्कर में महिला ने गंवाए 16 लाख, व्हाट्सएप पर आया था संदेश

lost more than Rs 16 lakh on the name of Lottery, complained filed
86 लाख की लॉटरी के चक्कर में महिला ने गंवाए 16 लाख, व्हाट्सएप पर आया था संदेश
86 लाख की लॉटरी के चक्कर में महिला ने गंवाए 16 लाख, व्हाट्सएप पर आया था संदेश

डिजिटल डेस्क, मुंबई। व्हाट्सएप पर अज्ञात नंबर से मिले 86 लाख रुपए का ईनाम हासिल करने की कोशिश में ठाणे की एक 56 वर्षीय महिला ने 16 लाख रुपए से ज्यादा गंवा दिए। पैसे भरने के बावजूद जब ईनाम नहीं मिला तो महिला को ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस से मामले की शिकायत की। वर्तकनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

ठाणे के वर्तकनगर स्थित स्वास्तिक गार्डन इलाके में रहने वाली कृष्णा पाठक को कुछ दिनों पहले ह्वाट्सएप पर संदेश आया कि उन्हें 86 लाख रुपए की लॉटरी लगी है। यह संदेश यूके के दिख रहे नंबर +447466116229 से आया था। इसके बाद पाठक को अपना नाम सानिया शर्मा बताने वाली एक लड़की ने फोन किया और ईनाम दिलाने में मदद का वादा किया। इसके बाद फोन करने वाली लड़की ने प्रोसेसिंग फीस और अलग-अलग बहानों से पैसे मांगने शुरू किए।

लड़की ने पैसे भरने के लिए पाठक को अलग-अलग बैंक खातों के नंबर दिए। धीरे-धीरे पाठक ने एक सप्ताह के भीतर ही आरोपी द्वारा बताए गए बैंक खातों में 16 लाख 60 हजार रुपए भर दिए। पैसों की मांग जारी रही तो पाठक को शक हुआ। इसके बाद उन्होंने ईनाम के पैसे मांगने शुरू किए तो आरोपी ने संपर्क तोड़ लिया।

ठगी का एहसास होने के बाद पाठक ने वर्तकनगर पुलिस स्टेशन में मामले की शिकायक दर्ज कराई। पुलिस ने जिस नंबर से संदेश आया उसके मालिक और फोन करने वाली लड़की के खिलाफ आईपीसी और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। 

Created On :   22 July 2018 1:11 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story