- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- चंद्रग्रहण कल रात में 11.54 से 3.49...
चंद्रग्रहण कल रात में 11.54 से 3.49 तक, दोपहर 2.54 बजे लग जाएगा सूतक

डिजिटल डेस्क, नागपुर। साल का सबसे बड़ा चंद्रग्रहण 27 जुलाई को रात 11 बजकर 54 मिनट पर शुरू होगा, लेकिन दोपहर 2.54 बजे ही सूतक लग जाएगा। पंडितों के अनुसार गुरु पूजा व अन्य धार्मिक अनुष्ठान सूतक लगने के पूर्व ही करने होंगे। अगले दिन मंदिरों व घरों में शुद्धि के बाद ही पूजा-पाठ शुरू होंगे।
चंद्रग्रहण 3 घंटे 55 मिनट का रहेगा। इस बार ग्रहण आषाढ़ शुक्ल उत्तराषाढ़ा नक्षत्र में रहेगा। चंद्रमा इस दिन मकर राशि में रहेगा। चंद्रमा के साथ केतु भी इसी राशि में रहेंगे। ग्रहण रात 11.54 बजे शुरू होकर 3.49 बजे समाप्त होगा। करीब चार घंटे चलने वाले इस ग्रहण का सूतक दोपहर 2.54 बजे प्रारंभ हो जाएगा। सूतक लगने के पूर्व मंदिरों के पट बंद हो जाएंगे। गुरु पूजा व अन्य धार्मिक अनुष्ठान सूतक लगने के पूर्व ही करने होंगे।
ग्रहणकाल में करें मंत्र जाप
चंद्रग्रहण का राशियों पर असर माना जाता है। इस बार मेष-लाभ, वृष- चिंता, मिथुन- क्षति, कर्क- कष्ट, सिंह- लाभ, कन्या- भय, तुला- हानि, वृश्चिक- सुख, धनु- तनाव, मकर- मानसिक कष्ट, कुंभ-मिश्रित, मीन-लाभ।
क्या करें
पंडितों के अनुसार सूतक लगने से ग्रहण के समाप्त होने तक पूजाघर बंद रखें, मूर्तियों को स्पर्श न करें, गर्भवती महिलाएं ग्रहण के समय घर से बाहर न निकलें, सूतक व ग्रहण अवधि में भोजन न करें। वृद्ध, बच्चे व रोगियों पर यह नियम लागू नहीं हैं, पर वे भी ग्रहण से तीन घंटे पहले खाना बंद कर दें। ग्रहण समाप्त होने पर गंगाजल से घर व मंदिरों की शुद्धिकर स्नान करें। ग्रहणकाल में मंत्र जाप करते रहें।
क्या होता है चंद्र ग्रहण
जब सूर्य व चन्द्रमा के बीच पृथ्वी इस प्रकार से आ जाती है कि पृथ्वी की छाया से चन्द्रमा पूरी तरह या आंशिक भाग ढक जाता है। ऐसी स्थिति में पृथ्वी सूर्य की किरणों को चन्द्रमा तक नहीं पहुंचने देती है, जिसके कारण पृथ्वी के उस हिस्से में चन्द्र ग्रहण नजर आता है।
Created On :   26 July 2018 1:04 PM IST