- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- अब सरपंच भी लेंगे पद एवं गोपनीयता...
अब सरपंच भी लेंगे पद एवं गोपनीयता की शपथ

डिजिटल डेस्क, नागपुर। विधायक की तरह अब सरपंच भी सीधे जनता से चुने जाएंगे और पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। सरपंच पूरे 5 साल जनता के हित में विकास कार्य कर सकेंगे। राज्य के ग्राम विकास विभाग ने यह निर्णय लिया है। बता दें कि राज्य सरकार ने 27, 854 सरपंच व उपसरपंचाें के मानधन में 1 जुलाई से वृद्धि की है। सरपंच को 2 हजार तक जनसंख्या वाले गांव के लिए 1 हजार की जगह 3 हजार रुपए मानधन, 2001 से 8 हजार जनसंख्या वाले गांव में 1500 से 4 हजार आैर 8 हजार से ज्यादा जनसंख्या होने पर 2 हजार की जगह 5 हजार रुपए मानधन किया गया है।
वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य पर ध्यान देना जरूरी : मानमोडे
अयाेध्यानगर वरिष्ठ नागरिक मंडल की ओर से वरिष्ठ नागरिकों का सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता निर्मल परिवार के संस्थापक प्रमोद मानमोडे ने की। मानमोडे ने कहा कि, युवाओं को रोजगार व वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य सेवा देना सबसे बड़ी समस्या है। वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य पर ध्यान देना जरूरी है। कार्यक्रम में पत्रकार बाल कुलकुर्णी उपस्थित थे। 75 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों का सत्कार किया गया। विवाह को 50 वर्ष पूर्ण करने वाले नागरिकों को भेंटवस्तु दी गई। सम्मेलन में वरिष्ठ नागरिक मंडल के अध्यक्ष पी.के. देशमुख, कार्याध्यक्ष एम.एस. ढोके, डॉ. बालपांडे, वी.एन. कलंबे, पी.जी. लोहाणे व अन्य उपस्थित थे। संचालन रमेश गिरडकर ने किया।
संघ व भाजपा की होगी समन्वय बैठक
विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व भाजपा के पदाधिकारियाें की बैठक शनिवार व रविवार को होगी। बैठक में संघ परिवार के विविध संगठनों के साथ भाजपा के समन्वय पर चर्चा होगी। इस बैठक में विदर्भ स्तर के संघ से जुड़े सभी संगठनों के प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। मुख्य बैठक रविवार को जामठा में नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट परिसर में होगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील, संगठन सचिव विजय पुराणिक सहित विदर्भ के प्रमुख नेता उपस्थित रहेंगे। सूत्र के अनुसार, बैठक के पहले दिन प्रमुख नेताओं की चर्चा होगी। बैठक में अनिवार्य उपस्थिति के आदेश भी जारी किए गए हैं। पार्टी की ओर से कहा जा रहा है कि इस तरह की बैठकें होते रहती हैं। नियमित कार्य समीक्षा होगी है। इस बैठक को चुनाव के लिहाज से नहीं देखा जाना चाहिए। गौरतलब है कि विदर्भ में भाजपा की स्थिति काफी अच्छी है। 2014 में यहां से सर्वाधिक 42 सीटें भाजपा ने जीती थी। विदर्भ में जीत ने भाजपा को राज्य में सत्ता के लिए आधार दिया। इस बीच विविध निकाय संस्थाओं के चुनाव में भी भाजपा को बढ़त मिली है।
विहिरगांव को संत गाड़गेबाबा ग्राम स्वच्छता पुरस्कार
संत गाड़गेबाबा ग्राम स्वच्छता अभियान में पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले का दत्तक गांव िवहिरगांव को नागपुर तहसील में दूसरा पुरस्कार मिला। सरपंच भवन में गट विकास अधिकारी किरण कोवे के हस्ते 50 हजार रुपए का पुरस्कार प्रदान किया गया। सरपंच सविता बोरकर और ग्रामसेवक नीलिमा पारधी ने पुरस्कार स्वीकृत किया। इससे पूर्व विहिरगांव को जिला स्तर पर तंटामुक्ति का दूसर पुरस्कार मिल चुका है। आदर्श गांव स्पर्धा में भी विहिरगांव ने भाग लिया है। दो पुरस्कार मिलने से गांव की शान में चार चांद लग गए हैं। सरपंच सविता बोरकर, उपसरपंच नारायण कापसे, ग्रामसेवक नीलिमा पारधी तथा ग्राम पंचायत के सभी सदस्य और ग्रामीणों ने स्पर्धा में अपने गांव को स्थान दिलाने के लिए कड़ी मेहनत की।
अतिरिक्त आरक्षण देना गलत, यह अराजकता है
उधर सेव मेरिट सेव नेशन के आंदोलनकारियों से मुलाकात कर उनकी भूमिका को समझकर विधान परिषद सदस्य प्रकाश गजभिये ने कहा कि, अतिरिक्त आरक्षण देना गलत है। यह अराजकता है। सभी धर्म और जाति के लोगों को अतिरिक्त आरक्षण का विरोध करना चाहिए। साथ ही इस विषय को मैं अन्य मंचों के माध्यम से उठाऊंगा।
अनशन के चौथे दिन क्रिश्चियन के साथ ही पंजाबी, कायस्थ समाज ने सेव मेरिट और सेव नेशन का समर्थन किया। इसके साथ ही अनशन में सहभाग दर्ज करवाया। इस अवसर पर फादर जोसेफ बॉवर, पास्टर पाटील, पास्टर परागे, पास्टर धुले, पास्टर मानवटकर, पास्टर जोसेफ, डॉ. वंदना बेंजामिन, तिमोथी, रुथ के नेतृत्व में क्रिश्चियन समाज ने और सुशील श्रीवास्तव, त्रिवेणी, ब्रिजेश सेगन आदि ने कायस्थ व पंबाजी समाज का नेतृत्व किया। राज्य में आरक्षण 74 फीसदी पर पहुंच गया है। उत्कृष्ट विद्यार्थियों पर अन्याय हो रहा है। नौकरियों में सामान्य वर्ग के लोगों की जगह कम बची है। उनको न्याय दिलाने के िलए सेव मेरिट सेव नेशन का श्रंखला अनशन चल रहा है, जिसमें सभी धर्म साथ दे रहे हैं। कार्यक्रम की शुरुआत में राजू खंडेलवाल ने भारतमाता पूजन कर अनशन की शुरुआत की। इस अवसर पर डॉ. अनिल लद्धड़, डॉ. संजय देशपांडे, डॉ. अनूप मरार, सचिन पोशेट्टीवार, गोपाल लद्धड़, विनोद फटाट, ब्रिजेश सेगन, राजेंद्र कुलकर्णी, शरद खंडेलवाल उपस्थित थे। शुक्रवार 23 अगस्त को वैश्य समाज, खंडेलवाल समाज, आर्य वैश्य समाज, सिंधी समाज, राजपूत समाज, दक्षिण भारतीय समाज और करणी सेना अनशन में शामिल होगी।
Created On :   23 Aug 2019 4:28 PM IST