- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नर्मदा सरोवर से महाराष्ट्र को नहीं...
नर्मदा सरोवर से महाराष्ट्र को नहीं मिलेगा पानी, सीएम की चुप्पी पर मेधा पाटकर का निशाना

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नर्मदा सरोवर के पानी का गुजरात सहित महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश को फायदा होने का प्रचार किया जा रहा है, लेकिन महाराष्ट्र को इससे एक बूंद पानी भी नहीं मिलेगा। ये कहना है मेधा पाटकर का। उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी होने के बाद भी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस चुप हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में नर्मदा सरोवर बांध का उद्घाटन किया है। उस दौरान समाजसेवी मेधा पाटकर ने प्रकल्पग्रस्तों के पुनर्वसन की मांग को लेकर आक्रामक आंदोलन किया था। मेधा पाटकर को वणी के जैताई पुरस्कार से सम्मानित किया जाने वाला है। इससे पहले उन्होंने नागपुर के म्यूर मेमोरियल में सामाजिक क्षेत्र में काम करने वाले कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। मेधा पाटकर ने कहा कि नर्मदा सरोवर का फायदा सिर्फ गुजरात के धनाढ्य वर्ग और उद्योग क्षेत्र को होगा। सरोवर के स्थान पर हजारों लोगों के पुनर्वसन का प्रश्न अभी भी कायम है।
उद्योग क्षेत्र के फायदे के लिए लोकार्पण
मेधा पाटकर ने कहा कि गुजरात में कोकाकोला को रोजाना 30 लाख लीटर और अदानी को 60 लाख लीटर पानी दिया जा रहा है। कुछ और उद्योगों को भी इस सरोवर से पानी देने की योजना है। 60 प्रतिशत उद्योग क्षेत्र के फायदे के लिए इस सरोवर का का निर्माण किया जा रहा है। इसके विरोध में हम संघर्ष कर रहे हैं। इंटर लिंकिंग रिवर्स प्रकल्प का अभी तक नियोजन नहीं है। 5 लाख 60 हजार करोड़ रुपए का इसके लिए प्रावधान किया गया था। अब यह प्रकल्प 10 लाख करोड़ रुपए से ऊपर पहुंच गया है।
Created On :   28 Sept 2017 12:52 PM IST