महाराष्ट्र दिवस का कहीं समर्थन , कहीं विरोध

maharshtra day celebration, Some support, some conflicts
महाराष्ट्र दिवस का कहीं समर्थन , कहीं विरोध
महाराष्ट्र दिवस का कहीं समर्थन , कहीं विरोध

डिजिटल डेस्क, नागपुर । 1 मई को लेकर राजनीतिक व सामाजिक संगठनों ने अलग-अलग भूमिका ले रखी है। प्रशासकीय स्तर पर 1 मई महाराष्ट्र दिवस के रूप में मनाया जा रहा है वहीं कई संगठन पृथक विदर्भ के समर्थन में महाराष्ट्र दिवस का विरोध कर रहे हैं। 1 मई मंगलवार को  शासकीय और प्रशासनिक स्तरों पर इसे मनाने की जोरदार तैयारियां शुरू हो गई है। विधानभवन से लेकर विभागीय आयुक्तालय को रोशनाई से सजाया जा रहा है।

कस्तूरचंद पार्क पर महाराष्ट्र पुलिस पथसंचलन के जरिये मान-वंदना देने की तैयारी कर रही है। महाराष्ट्र राज्य स्थापना के 58वें स्थापना दिवस पर मंगलवार 1 मई को सुबह 8 बजे कस्तूरचंद पार्क में राष्ट्रध्वज वंदन व संचलन कार्यक्रम होगा। इसके अलावा डॉ. वसंतराव देशपांडे सभागृह में शाम 5.30 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। जिलाधिकारी कार्यालय में सुबह 7.15 बजे जिलाधिकारी अश्विन मुद्गल की उपस्थिति में राष्ट्रध्वज वंदन किया जाएगा। 

इधर विरोध जारी 
विदर्भ राज्य आंदोलन समिति ने 1 मई को नागपुर के विधानभवन पर विदर्भ का झंडा लगाने का निर्णय लिया है। दोपहर 12 बजे संपूर्ण विदर्भ से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता यशवंत स्टेडियम पर जुटेंगे। यशवंत स्टेडियम से 12.30 बजे विदर्भ मार्च निकलेगा। स्टेडियम से मुजे चौक, झांसी रानी चौक, वेरायटी चौक, लोहा पुल, रेलवे स्टेशन, कस्तूरचंद पार्क, रिजर्व बैंक चौक, विधानभवन पर यह मार्च जाएगा। विदर्भ कनेक्ट संगठन द्वारा 1 मई को सुबह 8.30 बजे विष्णु की रसोई, काछीपुरा रोड पर ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके अलावा अन्य सामाजिक व राजनीतिक संगठनों ने भी पृथक विदर्भ के लिए अलग-अलग तरीके से आंदोलन करने की तैयारी दिखाई है।

हालांकि मनसे और शिवसेना जैसे राजनीतिक संगठनों ने संयुक्त महाराष्ट्र के समर्थन में विविध आयोजन किए है। मनसे द्वारा 30 अप्रैल को रात 12 बजे आतिशबाजी कर महाराष्ट्र दिवस का स्वागत किया जाएगा। मनसे के शहर सचिव घनश्याम निखाडे ने बताया कि उक्त कार्यक्रम लक्ष्मीभुवन चौक, गोकुलपेठ में होगा। कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव हेमंत गडकरी, शहर अध्यक्ष प्रवीण बर्डे सहित सभी पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। दिन भर विविध कार्यक्रम होंगे। 

Created On :   30 April 2018 3:41 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story