- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- तेज हवाओं के साथ मावठे की बारिश,...
तेज हवाओं के साथ मावठे की बारिश, बरसे ओले
डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। जिले में दोपहर बाद शुरू हुई तेज हवाओं ने मौसम बदल दिया। मावठे की बारिश के साथ कहीं चने तो कहीं बेर के आकार के ओले भी गिरे। गरज चमक के साथ जिले के सभी विकासखण्ड में बारिश दर्ज की गई। इस दौरान मोहखेड़ विकासखण्ड के ग्राम शिवलाल ढाना में शाम 4 बजे आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। जिसमें 45 वर्षीय शुकर सिंह उईके, 43 वर्षीय भागा बाई शुकर सिंह एवं 10 वर्षीय नाती अंकित की मौत हुई है। वहीं लावाघोघरी के ग्राम करलाऊ में एक 45 वर्षीय महिला सेवंती बाई गंभीर रूप से झुलस गई। दोपहर में ही बादलों के डेरा जमाने एवं नम तेज हवाओं से दिन का पारा लगभग 4 डिग्री गिरकर 22.1 तक लुढक़ गया। वहीं बादलों की आवाजाही के चलते सोमवार रात का पारा 12 डिग्री दर्ज किया गया। जिला मुख्यालय स्थित कुसमेली अनाज मंडी में रखा व्यापारियों का अनाज बारिश में गीला हो गया। मंगलवार को मंडी में 34 हजार क्ंिवटल अनाज की आवक बताई जा रही है।
जिले के इन क्षेत्र में गिरे ओले
जिले के तामिया विकासखंड के देलाखारी व झिरपा क्षेत्र में दोपहर एक बजे बारिश शुरू हुई। इस दौरान छोटे आकार के 15 मिनट ओलावृष्टि हुई। परासिया विकासखंड में दोपहर 3.30 बजे चांदामेटा, न्यूटन चिखली सहित उमरेठ, गाजनडोह, शीलादेही, छावड़ी, रिधोरा, कोसमी, सतनूर, बीजागोरा, मारई, मोठार, छितरी क्षेत्र में कहीं चने और कहीं आवला के आकार में ओले गिरे। पांढुर्ना में शाम 4 बजे ओले गिरे। इसी तरह चौरई एवं बिछुआ के कुछ क्षेत्र में 3 से 5 मिनट ओलावृष्टि हुई। वहीं जुन्नारदेव के दमुआ व नावेगांव क्षेत्र में ओले गिरे।
मौसम विभाग का अलर्ट
जिले के लिए ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केन्द्र के नोडल अधिकारी डॉ. विजय पराडकऱ ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया हैं। बुधवार को जिले म कई स्थानों पर घना कोहरा, गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान ओले गिरने की भी संभावना है।
किसानों के चेहरे खिले
रबी सीजन में पहली बार झमाझम हुई मावठे के बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हंै। वहीं कुछ क्षेत्र में ओलावृष्टि ने सब्जियों को प्रभावित भी किया है। किसान रामभरोस वर्मा के अनुसार बिजली जलाकर रात में खेत में बैठकर पानी की बगाई करनी पड़ रही थी, लेकिन अब कुदरती पानी मिलने से गेहूं व चना फसल को लाभ मिलेगा।
आज भी छाए रहेंगे बादल
जिले में आगामी 24 घंटे के दौरान कहीं रिमझिम तो कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं दिनभर जिले में बादलों का डेरा रहेगा। बारिश के कारण हवा में पर्याप्त नहीं आ गई है जिसके चलते पहाड़ी व मैदान क्षेत्र में घना कोहरा छाने की संभावना है। वहीं बादलों व ठंडी हवाओं के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
Created On :   28 Dec 2021 9:45 PM IST