- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मेट्रो रेलवे की 8 करोड़ प्लेटें...
मेट्रो रेलवे की 8 करोड़ प्लेटें जलकर खाक

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मेट्रो का निर्माणाधीन डिपो आग की भेंट चढ़ गया। करोड़ों की प्लेटें जल गई हैं। देर रात हुए भीषण अग्निकांड से अफरा-तफरी का माहौल रहा। इस बीच फायर के चार वाहनों ने हादसे पर काबू पाया है। मिहान में मेट्रो रेलवे का डिपो है जहां अभी काम भी जारी है। आग से मेट्रो की 8 करोड़ की प्लेटें जलकर खाक हो गई।
आधी रात में लगी आग
जानकारी के अनुसार रात करीब डेढ़ बजे अचानक डिपो में रखी मेट्रो की बेस इंर्म्पोटेड प्लेटाें में आग लग गई। प्लेटें रबर की होने से आग भीतर ही भीतर सुलगती गई, जिससे आग का जल्दी पता नहीं चल सका। जब परिसर में चारों और धुआं फैला, तो इसका खुलासा हुआ। इस बीच मेट्रो के ही किसी कर्मी ने दमकल विभाग को सूचना दी। रात होने के कारण घटना स्थल पर कोई भी मौजूद नहीं था। आग का फैलाव तेज होने से एमआईडीसी परिसर से भी दमकल वाहन बुलाए गए थे। मगर दमकल के पहुंचने तक आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया और करोड़ों के माल को अपनी चपेट में ले लिया।
प्लेटें रबर की होने से उससे भले ही आग की लपटें नहीं उठीं, मगर परिसर में चारों और धुआं फैल गया था। रबर के जलने से बदबू भी आ रही थी। इस बीच हादसे का पता चलते ही मेट्रो के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। मेट्रो का करीब 8 करोड़ रुपए का माल जलकर खाक हो गया है। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
40 करोड़ की थीं प्लेटें
डिपो में करीब 40 करोड़ की प्लेटें लाकर रखी गई थीं। उनमें से 8 करोड़ की प्लेटें जल गई हैं, लेकिन अभी तक भीषण अग्निकांड कैसे हुआ इसका खुलासा नहीं हुआ है, जिससे हादसे को लेकर संदेह भी व्यक्त किया जा रहा है।
Created On :   3 May 2018 3:02 PM IST