म्हाडा ने टाटा अस्पताल को दिए 100 फ्लैट, पवार ने सौंपी चाबियां 

MHADA handed over 100 flats to Tata Hospital, Pawar handed over keys
म्हाडा ने टाटा अस्पताल को दिए 100 फ्लैट, पवार ने सौंपी चाबियां 
म्हाडा ने टाटा अस्पताल को दिए 100 फ्लैट, पवार ने सौंपी चाबियां 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश भर से मुंबई में इलाज कराने के लिए आने वाले कैंसर के मरीजों को रहने के लिए अब भटकना नहीं पड़ेगा। प्रदेश सरकार के राज्य के गृह निर्माण विभाग और महाराष्ट्र आवास व क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) ने टाटा मेमोरियल अस्पताल को 100 फ्लैट हस्तांतरित कर दिया है। रविवार को राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने टाटा अस्पताल को म्हाडा के फ्लैट की चाबियों को सौंप दिया। इस मौके पर राज्य के गृहनिर्माण मंत्री जितेंद्र आव्हाड मौजूद थे। इससे मुंबई में कैंसर के इलाज के लिए आने वाले मरीजों के परिजनों को म्हाडा के फ्लैट में रहने के लिए सुविधा मिल सकेगी। म्हाडा ने परेल शिवडी विभाग के महादेव पालव मार्ग, डॉ. बी. ए. रोड, करी रोड के हाजी कासम चाल में स्थित इमारत के 100 फ्लैट को एक हजार रुपए प्रति वर्ष नाममात्र किराया करार पर टाटा अस्पताल को उपलब्ध कराया है। अब सभी फ्लैट की देखभाल की पूरी जिम्मेदारी टाटा अस्पताल की होगी। इसके लिए म्हाडा और टाटा अस्पताल के बीच करार होगा।  

परिजनों को सोना पड़ता है फुटपाथ पर   

मंत्री आव्हाड ने कहा कि राज्य के अलावा पूरे देश से कैंसर के मरीज इलाज के लिए टाटा अस्पताल में आते हैं। मरीजों के  देखभाल के लिए उनके परिजन भी साथ में आते हैं। लेकिन रहने की व्यवस्था नहीं होने और निजी निवास महंगा होने के कारण कई बार परिजनों को सड़क किनारे फुटपाथ पर सोना पड़ता है। इस असुविधा को टालने के लिए म्हाडा ने मानवता की दृष्टि से मरीजों के परिजनों को रहने के लिए टाटा अस्पताल को फ्लैट उपलब्ध कराया है।  

मरीजों के लिए जीवनदान साबित होंगे फ्लैट 

टाटा मेमोरियल सेंटर के निदेशक डॉ. राजेंद्र बडवे ने कहा कि टाटा अस्पताल में आने वाले कैंसर के मरीजों के इलाज के लिए 2 से 3 महीने का समय लगता है। इस दौरान मरीजों के परिजन को मुंबई में रहना जरूरी होता है। मुंबई के मध्य इलाके में म्हाडा की ओर से उपलब्ध कराए गए फ्लैट 100 मरीजों के लिए जीवनदान देने वाले साबित होंगे। 

ये रहे मौजूद 

राकांपा अध्यक्ष पवार के निजी आवास पर आयोजित कार्यक्रम में गृहनिर्माण विभाग के प्रधान सचिव एस वी आर श्रीनिवास, म्हाडा के उपाध्यक्ष तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिल डिग्गीकर, टाटा मेमोरियल अस्पताल के उपनिदेशक डॉ. शैलेश श्रीखंडे मौजूद थे। 

Created On :   16 May 2021 12:56 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story