- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- इतिहास से छेड़छाड़ कर रही है सरकार,...
इतिहास से छेड़छाड़ कर रही है सरकार, जवाब देने होगा: वडेट्टीवार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। विचारों की लड़ाई के लिए तैयार रहने का आह्वान करते हुए विधानसभा में कांग्रेस के उपनेता विजय वडेट्टीवार ने कहा है कि सरकार इतिहास से छेड़छाड़ करने लगी है। स्कूली पाठ्यक्रम बदलने का प्रयास किया जा रहा है। यह दर्शाने का प्रयास हो रहा है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रथम सरसंघचालक डॉ.केशव बलिराम हेडगेवार ने देश को स्वतंत्रता दिलाई। विचारों की लड़ाई में जैसे को वैसा जवाब देने की आवश्यकता है।
झूठ बांट रही सरकार
छत्रपति शाहू महाराज की जयंती के मौके पर सामाजिक जनाक्रोश दिन कार्यक्रम मनाया गया। दीनदयाल नगर रिंग रोड स्थित राधे मंगलम सभागृह में आयोजिक कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री विलास मुत्तेमवार, कांग्रेस के शहर अध्यक्ष विकास ठाकरे व अन्य नेता प्रमुखता से उपस्थित थे। वडेट्टीवार ने कहा कि भाजपा झूठे प्रचार में आगे हैं। कल को यह भी कहा जा सकता है कि चार वर्ष में ही सड़क, पुल बने हैं पहले कुछ बना ही नहीं था। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह तो खलनायक लगते हैं।
जिन नेताओं के कारण देशभक्तों को फांसी पर चढ़ाया गया, वे अब देशभक्ति का पाठ पढ़ाने लगे हैं। श्री मुत्तेमवार ने आपातकाल में भाजपा नेताओं की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि संवैधानिक मूल्यों की बात करने वाले ही अब संविधान को आघात पहुंचाने का काम कर रहे हैं। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सरकार केवल झूठ बांट रही है। हर क्षेत्र में सरकार की असफलता उजागर होने लगी है। विकास ठाकरे, हरिभाऊ नाईक, अतुल लोंढे, किशोर गजभिये, धनंजय धार्मिक ने भी संबोधित किया। अनंत घारड, बबनराव तायवाडे, बाबूराव तिड़के, गजराज हटेवार, विशाल मुत्तेमवार समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
शहर स्तरीय कार्यक्रम
पहले बताया गया था कि नागपुर में सामाजिक जनाक्रोश कार्यक्रम विभाग स्तरीय होगा। विविध जिलों के पदाधिकारी शामिल होंगे। लेकिन ऐन वक्त पर कार्यक्रम को जिला व शहर स्तरीय करने का निर्णय लिया गया। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राजेंद्र मुलक, विधायक सुनील केदार कार्यक्रम में शामिल नहीं थे। असंतुष्ट गुटों के कार्यकर्ता भी नहीं पहुंचे। पार्टी से निकाले गए पूर्व मंत्री सतीश चतुर्वेदी के समर्थकों के अलावा कांग्रेस अनुसूचित जाति सेल के अध्यक्ष नितीन राऊत, पूर्व मंत्री अनीस अहमद, पूर्व सांसद गेव आवारी, पूर्व विधायक अशोक धवड, मनपा के नेता प्रतिपक्ष तानाजी वनवे, नगरसेवक प्रफुल गुडधे कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।
Created On :   27 Jun 2018 2:23 PM IST