हरियाणा मॉडल ने बढ़ाई टेंशन, पॉश मशीन पर नहीं मैच हो रहा अंगूठा

Misuse of biometric image on ration shopkeeper in maharashtra
हरियाणा मॉडल ने बढ़ाई टेंशन, पॉश मशीन पर नहीं मैच हो रहा अंगूठा
हरियाणा मॉडल ने बढ़ाई टेंशन, पॉश मशीन पर नहीं मैच हो रहा अंगूठा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बायोमीट्रिक इमेज का दुरुपयोग रोकने के लिए लाई गई तकनीक से राशन दुकानदार से लेकर अधिकारियों तक का टेंशन बढ़ गई है। पॉश मशीन पर अंगूठा मैच नहीं हो रहा। ऑनलाइन अनाज वितरण का काम फिलहाल हरियाणा के सर्वर से चलाया जा रहा है। हरियाणा माडल ने सभी को परेशान कर दिया है। पॉश मशीन पर अंगूठा लगाने पर अनाज उपलब्ध नहीं होने की सूचना मिल रही है। राशन नहीं मिलने से कार्डधारकों ने राशन दुकानदारों को खरी खोटी सुनाई। राशन दुकानदारों ने अपना दुखड़ा खाद्यान्न विभाग के उपसचिव को बताया। इसके बाद उपसचिव ने विभाग के अधिकारियों की क्लास ली।

नहीं मैच हो रहा अंगूठा
पॉश मशीन पर अंगूठा मैच होने पर ही अनाज देने का खाद्यान्न विभाग का निर्देश है। इसके लिए विभाग ने सभी कार्डधारकों की बायोमीट्रिक इमेज ली है। इस इमेज का दुरुपयोग न हो इसलिए राज्य सरकार ने आरडी एप लाया। यह काम हैदराबाद की इंटीग्रा कंपनी को दिया गया है। जब से यह एप डाला, तब से लोगों को अनाज कम आैर परेशानी ज्यादा उठानी पड़ रही है। लोग सीधे राशन दुकानदार को इसके लिए जिम्मेदार बता रहे हैं। राशन दुकानदार कंपनी से संपर्क तकनीकी खराबी दूर करने की गुहार लगा रहे हैं। सर्वर डाउन होना, अंगूठा मैच नहीं होना आम बात है। पिछले कुछ दिनों से एक नई समस्या खड़ी हो गई है। अंगूठा लगाने पर अनाज उपलब्ध नहीं का मैसेज पॉस मशीन पर आ रहा है।

ठोस कदम उठाने का आश्वासन
राशन दुकानदारों ने खाद्यान्न विभाग के उपसचिव श्खोसर से मिलकर यह परेशानी बताई। कंपनी के तकनीकी स्टाफ से भी समस्या का हल नहीं होने की जानकारी दी। दुकानदारों का अधिकांश समय तकनीकी स्टाफ से संपर्क करने और अनाज के लिए कार्डधारकों से विवाद हो रहा है। उपसचिव ने इस दिशा में ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया है। उपसचिव ने खाद्यान्न आपूर्ति अधिकारियों के साथ बैठक की आैर इस समस्या को हल करने के लिए को कहा। सुझाव के साथ तकनीकी ज्ञान भी दिया गया। कंपनी के तकनीकी स्टाफ से भी चर्चा की गई।


आनन-फानन में तकनीकी एक्सपर्ट को बुलाया
उपसचिव ने आनन-फानन में मुंबई से तकनीकी एक्सपर्ट मोरे को बुलाया आैर कंपनी के लोगों के साथ बैठक कर तकनीकी समस्या हल करने को कहा। उपसचिव के आदेश पर तकनीकी एक्सपर्ट नागपुर तो पहुंचे, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। खबर है कि, विभाग फिलहाल हरियाणा के सर्वर से काम कर रहा है। जो-जो तकनीकी समस्या आ रही है, उसमें दुरुस्ती की जा रही है। इसके बाद इसे महाराष्ट्र के सर्वर पर लिया जाएगा।


महाराष्ट्र के सर्वर पर लिया जा रहा है डाटा
फिलहाल हरियाणा के सर्वर से काम चल रहा है। इसमें जो समस्या आ रही है, उसे दूर किया जा रहा है। महाराष्ट्र के सर्वर पर डाटा लिया जा रहा है। पूरा डाटा लेने के बाद महाराष्ट्र के सर्वर से काम शुरू होगा। तकनीकी समस्या होने से तकनीकी एक्सपर्ट को इस काम में लगाया गया है। उच्चाधिकारी पूरे कार्यक्रम पर नजर रखे हुए हैं। अधिकारी खुद कंपनी के तकनीकी स्टाफ के संपर्क में है। लोगों को उनके हक का अनाज मिलना ही चाहिए। जिन्हें अनाज नहीं मिल रहा, उन्हें कार्यालय में बुलाया जा रहा है। यहां से जरूरी प्रक्रिया करने के बाद उन्हें अनाज के लिए राशन दुकान भेजा जा रहा है। नई तकनीक व नए प्रयोग से शुरूआत में परेशानी होती है। ग्राहक व राशन दुकानदारों के बीच छिटपुट विवाद की खबरें आई है। ग्राहक व दुकानदारों को हम हरसंभव सहयोग कर रहे हैं।


परेशानी और डर में कर रहे काम
राशन दुकानदार संघ के सुभाष मुसले का कहना है कि हर दिन कार्डधारकों से विवाद हो रहा है। परेशानी के साथ यह डर भी बना है कि ग्राहक पिटाई न कर दें। अनाज नहीं मिलने पर कार्डधारक विवाद करता है। हमने अपनी समस्या से अधिकारियों के साथ उपसचिव को अवगत किया। उचित होगा कि यह तकनीकी समस्या तुरंत दूर हो जाए आैर हम सामान्य रूप से अपना काम कर सकें। अनाज उपलब्ध नहीं का मैसेज आने पर कार्डधारक को कार्यालय में भेजने को कहा गया है। कार्डधारक कार्यालय जाने के मूड़ में नहीं हैं। हम विभाग की शिकायत नहीं कर रहे, लेकिन समस्या बढ़ते ही जा रही है।

Created On :   18 Dec 2017 6:33 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story