- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर में मेट्रो के साथ दौड़ेगी...
नागपुर में मेट्रो के साथ दौड़ेगी 'मोबाइक', बनाएगी सफर आसान

डिजिटल डेस्क, नागपुर। चंद्रकांत चावरे। उपराजधानी की महत्वपूर्ण मेट्रो रेल परियोजना के साथ नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। महामेट्रो अब स्मार्ट यातायात के मोबाइक सेवा शुरू करने वाली है। जो सेवा मेट्रो की दौड़ के साथ ही शुरू होगी। किसी एक स्थान से मेट्रो स्टेशन तक या जाने के लिए मोबाइक का उपयोग किया जा सकेगा। इसका किराया चुकाकर अपने मनचाहे गंतव्य तक आ और जा सकेंगे। यह एक विशेष तकनीक पर आधारित मोबाइक होगी। इसका पल-पल का डाटा जीपीएस के माध्यम से महामेट्रो के पास दर्ज होगा। एक एप डाउनलोड कर इस सेवा का लाभ उठाया जा सकेगा।
20 से 25 रुपए हो सकता है प्रति घंटे किराया
बढ़ती आबादी और विस्तार के साथ ही यहां अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं साकार होने लगी हैं। ग्रीन नागपुर, क्लीन नागपुर के साथ स्मार्ट यातायात भी मेट्रो की योजना का अंग बनने वाला है। यह जानकर आश्चर्य होगा कि दुनियाभर के 180 शहराें में चलने वाली मोबाइक (साइकिल) सेवा यहां भी शुरू होगी। महामेट्रो शहरवासियों को यह तोहफा देने वाली है। महामेट्रो की शुरुआत के साथ ही मोबाइक सेवा प्रारंभ की जाएगी। अपनी-अलग विशेषताओं के कारण यह सेवा संतरानगरी की स्मार्टनेस में चार चांद लगा सकती है। इसका किराया प्रति घंटे 20 से 25 रुपए हो सकता है।
ऐसे काम करेगी मोबाइक
मोबाइक का उपयोग करना एकदम आसान होगा। इसके लिए स्मार्ट फोन में एक एप डाउनलोड करना होगा। यह एप बताएगा कि आपके कितने करीब मोबाइक उपलब्ध है। यह एप उपयोगकर्ता को कंपनी की ओर से उपलब्ध कराया जाएगा। जब उपयोगकर्ता मोबाइक ले जाना चाहे तब उसे क्यूआर कोड स्कैन करना होगा। यह जानकारी महामेट्रो के सर्वर तक पहुंच जाएगी। इसके बाद ही मोबाइक का लॉक खुलेगा। लॉक खुलने पर उपयोगकर्ता अपने गंतव्य तक पहुंचकर वहां मोबाइक छोड़ सकता है। इसके लिए कंपनी द्वारा एक खाता खोला जाएगा। उस खाते को समय-समय पर आवश्यकतानुसार रिचार्ज करवाना पड़ेगा।
चीन से आयात होगी मोबाइक
पिछले महीने मुंबई में मैग्नेटिक महाराष्ट्र इवेंट में एक कंपनी ने मोबाइक का डेमो दिखाया था। महामेट्रो सबंधित अधिकारियों ने नागपुर में इसे चलाने पर विचार किया है। यह मोबाइक चीन से आयात की जाएगी। सूत्रों के अनुसार दुनियाभर में मोबाइक के 150 मिलियन लोग रजिस्टर्ड मेंबर हैं। यह बाइक यातायात की समस्या हल करने में सहायक साबित हुई है।
Created On :   11 March 2018 3:19 PM IST