- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- फिल्म देखने गई महिला से छेड़छाड़,...
फिल्म देखने गई महिला से छेड़छाड़, पुलिस के साथ भी गाली-गलौज

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पंचशील टॉकीज में फिल्म देखने गई महिला से अभद्र व्यवहार कर हंगामा मचाने वाले 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुलिस के साथ भी गाली-गलौज की। आरोपियों की इस हरकत से कुछ समय के लिए टॉकीज के अंदर खलबली मची रही। गिरफ्तार आरोपी जरीपटका क्षेत्र के निवासी हैं। वे प्रतिष्ठित घरों से संबंध रखते हैं।
ये हैं आरोपी
सीताबर्डी पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें शुभम दयाशंकर केसवानी चौधरी चौक, मोहित ललितकुमार पंचवानी आहूजा चौक, हेमंत केशवदास ममतानी, बिपिन जियालाल डेमला हुडको कॉलोनी और पुनित नरेशकुमार माखिजा शामिल हैं। इन आरोपियों ने जिस महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया, उसका कसूर सिर्फ इतना था कि शोर मचा रहे युवकों को उसने शांत होकर फिल्म का आनंद उठाने की बात कही।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक 35 वर्षीय महिला रविवार को 9 बजे के शो में पंचशील टॉकीज में फिल्म देखने गई थी। शुभम, मोहित, हेमंत, बिपिन और पुनित नामक युवक भी फिल्म देख रहे थे। फिल्म शुरू होने के बाद रात करीब 10.45 बजे सभी युवक मस्ती कर रहे थे। उन्हें महिला ने शांत रहने की सलाह दी तो गाली-गलौज करने लगे। आरोपी मोहित उर्फ मोनू पंजवानी और हेमंत ममतानी ने महिला के मुंह पर मोबाइल की टार्च मारकर उसकी बॉक्स सीट पर जाकर उससे अभद्र व्यवहार किया। पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने टॉकीज में पहुंचकर युवकों को शांत रहने की बात की तो पुलिस के साथ भी गाली-गलौज करने पर अमादा हो गए। तब पुलिस उक्त सभी युवकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंची और सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 354, 143,147,149 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। सीताबर्डी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सूत्रों ने बताया कि टॉकीज के अंदर बेखौफ होकर धूम मचाने वाले युवकों को पुलिस जब हिरासत में लेकर थाने पहुंची, तब उनकी सारी मस्ती हवा हो गई। पकड़े गए युवकों के परिजनों को सूचना दी गई। इधर, पीड़िता ने थाने में पहुंचकर शिकायत की। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि किस तरह वह टॉकीज के अंदर मस्ती कर रहे थे। शोर मचाने से रोकने पर शांत होने के बजाय मेरी सीट पर आकर अभद्र व्यवहार किया। परिवार के साथ फिल्म देखने आए लोग बेहद परेशान हो रहे थे।
Created On :   25 Jun 2019 1:05 PM IST