- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मॉनसून फिर सक्रिय : भारी बारिश के...
मॉनसून फिर सक्रिय : भारी बारिश के बीच डेढ़ दिन के गणपति की विदाई

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महानगर और आसपास के इलाकों में एक बार फिर जोरदार बारिश ने दस्तक दी है। सोमवार से शुरू हुई बरसात मंगलवार को और तेज हो गई जिसके चलते कई निचले इलाकों में जलजमाव हो गया। भारी बारिश और ट्रैफिक के बीच ही भक्तों ने डेढ़ दिन के बाप्पा को विदाई दी। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अगले दो दिनों तक मुंबई और आसपास के इलाकों में बरसात का सिलसिला जारी रहेगा।

मुंबई में घर का हिस्सा गिरने की 5 और शार्टसर्किट की 23 शिकायतें मुंबई महानगर पालिका से की गईं। गोवंडी शिवाजी नगर इलाके में निहाल तांबे नाम के एक 18 साल के युवक की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। मौसम विभाग ने मुंबई, कोंकण के साथ-साथ विदर्भ और पश्चिम महाराष्ट्र में भी भारी बारिश का अनुमान जताया है। मंगलवार दोपहर करीब 5 मीटर ऊंचे हाईटाइड के चलते गणेशभक्तों को प्रशासन की ओर से सलाह दी गई थी कि वे डेढ़ दिन के गणपति का विसर्जन समुद्र के बजाय कृत्रिम तलाबों में करने का आवाहन किया गया था। इसके अलावा मछुआरों को भी समुद्र में ना जाने की सलाह दी गई है।

लगातार हो रही बरसात का असर लोकल सेवाओं पर भी पड़ा और मध्य रेलवे की गाड़ियां 15 से 20 मिनट देरी से चलीं। इसके अलावा सायन, दादर, हिंदमाता, कुर्ला, सायन, मुलुंड, भांडुप, पवई के निचले इलाकों में लोगों को जलजमाव का सामना करना पड़ा। मुंबई के उपनगर सांताक्रूज में 24 घंटे में 131 मिलीमीटर जबकि कोलाबा में 80 मिलीमीटर बरसात रिकॉर्ड की गई है।
Created On :   3 Sept 2019 9:39 PM IST