- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 15 हजार से अधिक किसानों को मिलेगी...
15 हजार से अधिक किसानों को मिलेगी कर्जमाफी

डिजिटल डेस्क,नागपुर। जिले के 15 हजार से अधिक और किसानों को कर्ज माफी का लाभ मिलेगा।दरअसल प्रशासनिक स्क्रूटनी की पीली सूची में शामिल नागपुर संभाग के 22 हजार 864 किसानों की जांच के बाद 15 हजार 722 किसानों को कर्ज माफी के योग्य पाया गया है। उनके कर्ज भी शीघ्र ही माफ होने की उम्मीद है। संभाग के नागपुर, वर्धा, भंडारा, गोंदिया, चंद्रपुर एवं गड़चिरोली में जिला मध्यवर्ती सहकार बैंकों की कुल 273 शाखाओं से जुड़े विविध सहकारी संस्थाओं के माध्यम से ग्रामीण इलाकों में किसानों को बीते वर्षों में बड़ी संख्या में कर्ज वितरित किए गए थे। कर्ज मुक्ति की आवाज बुलंद होने पर महाराष्ट्र सरकार ने छत्रपति शिवाजी महाराज शेतकरी सम्मान योजना लागू कर कर्जमाफी देने का ऐलान किया था। संभाग के 6 जिलों के 3 लाख 14 हजार 928 किसानों ने ऑनलाइन आवेदन किए। प्रशासन ने इसकी जांच की तो 2 लाख 41 हजार 371 खाताधारकों को योग्य पाया। शेष 59 हजार 2 किसानों के खातों में कुछ खामियां पाई गईं। योजना के पात्र इन ढाई लाख किसानों का 781 करोड़ 92 लाख 76 हजार 437 रुपए का कर्ज सरकार द्वारा माफी किया गया है।
अौसतन 32 हजार रुपए की कर्जमाफी
सरकार द्वारा माफ किए गए कर्ज की राशि एवं किसानों के कर्ज के अनुपात का निरीक्षण किया जाए तो प्रत्येक किसान को औसतन 32 हजार 395 रुपए के कर्ज माफी का लाभ मिला है। हालांकि यह भी सच है कि किसी किसान को राज्य सरकार के छत्रपति शिवाजी महाराज शेतकरी सम्मान योजना में तय मापदंडों के अनुसार अधिक राशि का लाभ मिला हो तो किसी किसान को फायदा कम हुआ है। कुल मिलाकर इस योजना के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया में जो किसान बीते दिनों पिछड़ गए थे, सरकार ने उन्हें अंतिम मौका देने का फैसला किया है। इसके तहत पुन: ऑनलाइन आवेदनों की प्रक्रिया शेष किसानों के लिए 1 मार्च से शुरू की जा रही है, जो 31 मार्च तक चलेगी। उसके बाद कर्ज माफी की अंतिम सूची व लाभ दिया जाएगा। प्रशासन द्वारा तय किए गए पीली सूची से जो हरी सूची में शामिल नहीं हो पाएंगे उन्हें लाल सूची में डालने के बाद कर्ज माफी का लाभ नहीं दिया जा सकेगा। इसलिए कर्ज व खाते की खामियों को लेकर किसान अब भी चिंतित हैं।
Created On :   27 Feb 2018 12:04 PM IST