वृक्ष कटाई पर पांच सौ से अधिक आवेदन,मनपा नहीं ले रही एक्शन

More than 500 applications on tree cutting no action by municipality
वृक्ष कटाई पर पांच सौ से अधिक आवेदन,मनपा नहीं ले रही एक्शन
वृक्ष कटाई पर पांच सौ से अधिक आवेदन,मनपा नहीं ले रही एक्शन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। भारतनगर में प्रस्तावित वृक्षों की कटाई के मामले में मनपा बुरी तरह उलझ चुकी है। एक जून को मनपा की ओर से प्रस्तावित मार्ग के लिए 558 पेड़ों की कटाई संबंधी नोटिस जारी कर उस पर आपत्ति दर्ज कराने को कहा गया था। मनपा के उद्यान विभाग में आपत्ति पत्रों का ढेर लग चुका है। पेड़ काटे जाने के विरोध में एक सप्ताह में ही पांच सौ से ज्यादा पत्र उद्यान विभाग पहुंच गए। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस संबंध में अब तक 1500 पत्र उद्यान विभाग को मिल चुके हैं। एक सप्ताह में आपत्ति दर्ज कराने संबंधी नोटिस जारी करने के बावजूद जून के तीसरे सप्ताह तक मनपा अधिकारी कोर्स ऑफ एक्शन तय कर नहीं पाए हैं, जबकि मामले में जन सुनवाई की मांग स्पष्ट है। 

समाचार-पत्रों में नोटिस प्रकाशित हुआ था

मनपा की ओर से स्थानीय समाचार-पत्रों में नोटिस प्रकाशित हुआ था, जिसके अनुसार प्रस्तावित भारत नगर रोड के मार्ग में 558 पेड़ आ रहे हैं। नोटिस के अनुसार, पेड़ों के काटे जाने का विरोध कर रहे लोगों को एक सप्ताह के अंदर उद्यान विभाग को इसकी जानकारी देनी थी। मनपा के अधिकारियों ने माना है कि यह पहला मामला है, जब संस्था को किसी मामले के खिलाफ इतनी बड़ी संख्या में आपत्ति-पत्र प्राप्त हुए हैं। नियमानुसार मनपा को इस मामले में जनसुनवाई करनी चाहिए। मनपा कमिश्नर अभिजीत बांगर कह चुके हैं कि मामले में जो भी निर्णय लिया जाएगा, वह हाईकोर्ट के दिशा-निर्देश के अनुसार ही होगा।

यह था नोटिस में 

महामेट्रो की ओर से डेवलपमेंट प्लान के तहत भारत नगर स्थित मदर्स डेयरी से महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण कार्यालय तक 18 मीटर चौड़ी और 500 मीटर लंबी सड़क निर्माण प्रस्तावित है। प्रस्तावित सड़क निर्माण के मार्ग में आने वाले पेड़ों के संदर्भ में मनपा, पीडीकेवी और मेट्रो ने सर्वेक्षण किया है। मेट्रो प्लान के कारण काटे गए सभी वृक्षों का ट्रांसप्लांट करेगी।
सर्वेक्षण में पहचान किए गए 558 वृक्षों में विभिन्न प्रजाति के 101 बड़े व मध्यम आकार के वृक्ष और 457 छोटे वृक्ष शामिल हैं। नागरिक सात दिन के अंदर प्रस्ताव के खिलाफ मनपा के उद्यान विभाग को विरोध दर्ज करा सकते हैं।

जनभावना का सम्मान नहीं करने पर फटकार

पहले ही काफी विवादों में रहे इस मामले में नागपुर हाईकोर्ट नाराजगी जता चुका है।  शहर के पर्यावरणविद जयदीप दास के लिखे पत्र के आधार पर बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर खंडपीठ मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए मनपा को जनभावना का सम्मान नहीं करने फटकार लगा  चुकी है। दास ने अपने पत्र में सड़क निर्माण के कारण जैव विविधता को होने वाली नुकसान का विस्तार से जिक्र किया है। कोर्ट पहले ही वृक्षों की कटाई पर स्टे लगा चुकी है। 

होनी चाहिए जनसुनवाई 

शहर के ग्रीन एक्टिविस्ट्स का मानना है कि मनपा ने जो प्रक्रिया शुरू की है, उसे पूरा करना उसका दायित्व है। अब उसे इस मामले में जनसुनवाई करनी चाहिए। पेड़ों को काटे जाने के विरोध में पत्र लिखने वालों में बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चें, डॉक्टर, पर्यावरणविद शामिल हैं। यहां तक कि शहर के बाहर से भी बड़ी संख्या में पत्र आए हैं।

राज्य की सबसे बड़ी मानव श्रृंखला 

मामले में शहर के नागरिकों और पर्यावरणविदों ने विरोध दर्ज कराने के लिए एक मई को फुटाला परिसर में राज्य की सबसे लंबी मानव श्रृंखला का निर्माण कर चुके हैं। इसमें रिकार्ड 6725 लोग शामिल हुए थे। 
 

Created On :   24 Jun 2019 11:25 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story