बच्चों को धक्का देकर मां ने भी लगा दी तालाब में छलांग

Mother also jumped into the pond by pushing children
बच्चों को धक्का देकर मां ने भी लगा दी तालाब में छलांग
बच्चों को धक्का देकर मां ने भी लगा दी तालाब में छलांग

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  पड़ोस में रहने वाली रिश्तेदार से मामूली कहासुनी के बाद विवाद हो जाने पर एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ जान देने के लिए फुटाला तालाब में छलांग लगा दी। महिला ने पहले अपनी 7 साल की बेटी और 11 साल के बेटे को तालाब में धक्का दिया। उसके बाद खुद भी छलांग लगा दी। उस समय वहां पर दो युवकों ने अपनी जान की परवाह नहीं करते हुए पानी में डूब रही महिला और उसके दोनों बच्चों की जान बचाने के लिए कूद पड़े। घटना के बारे में जानकारी मिलते ही पुलिस उपायुक्त विनीता साहू सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए महिला का मार्गदर्शन किया। उन्होंने महिला से वादा लिया कि दोबारा इस तरह का कदम कभी नहीं उठाएगी। महिला को अपने किए पर पछतावा हो रहा था। महिला और उसके दोनों बच्चों को पुलिस उपायुक्त साहू ने गिट्टीखदान भिजवाकर खुद भी थाने पहुंची। 

पति का सता रहा था डर 
बता दें कि जरा-सी बात को लेकर इस महिला ने अपनी जिंदगी के साथ अपने दोनों बच्चों की जिंदगी खत्म करने की कोशिश की। पुलिस ने महिला का नाम उजागर नहीं किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिट्टीखदान क्षेत्र की रहने वाली एक 37 वर्षीय महिला का उसकी पड़ोस में रहने वाली रिश्तेदार महिला से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद महिला को डर सताने लगा कि घर वापस आने के बाद उसका पति उसके साथ मारपीट करेगा। इस डर से महिला ने अपने बेटे और बेटी को लेकर फुटाला तालाब परिसर में पहुंची। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह तालाब परिसर में आने के बाद काफी देर तक अपने बच्चों के साथ इधर से उधर चहलकदमी करती रही। मौका पाकर उसने दोनों बच्चों को तालाब की दीवार पर चढ़ा दिया, उसके बाद उन्हें धक्का देकर पानी में गिरा दिया। उसके पश्चात महिला ने भी पानी में छलांग लगा दी।   इस घटना के बाद वहां भीड़ जमा हो गई। 

युवकों ने दिखाई हिम्मत
महिला और उसके दोनों बच्चों को पानी में डूबता देखकर अमोल रामजी चकोले और अरविंद बघेल नामक युवकों ने पानी में छलांग लगा दी। इस बीच किसी ने पुलिस उपायुक्त विनीता साहू को सूचना दे दी। वह सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने दोनों युवकों के हौसले की तारीफ की। अपनी कार में रखी शॉल को निकालकर ठंड से ठिठुर रही महिला और उसके बच्चों को ओढ़ाया। दोनों बच्चों को खानपान की सामग्री दी। उसके बाद महिला पुलिस उपनिरीक्षक चौधरी के साथ महिला का मार्गदर्शन किया।   

दोनों युवकों को पुलिस करेगी सम्मानित 
सूत्रों के अनुसार फुटाला तालाब में कूदी महिला और उसके दोनों बच्चों की जान बचाने वाले अमोल चकोले और अरविंद बघेल का गणतंत्र दिवस पर पुलिस परिमंडल कार्यालय-2 में सत्कार किया जाएगा।  महिला ने पुलिस को बताया िक पड़ोस में रहने वाली रिश्तेदार महिला से विवाद हो जाने के कारण उसने यह कदम उठाया। महिला और दोनों बच्चों को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया है। 
 

Created On :   24 Jan 2020 6:49 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story