प्रशासन हुआ असफल तो डूबे बेटे की खोजबीन करने निकली महिला, छह दिन से है गायब

Mother start searching her son after the failure of administration
प्रशासन हुआ असफल तो डूबे बेटे की खोजबीन करने निकली महिला, छह दिन से है गायब
प्रशासन हुआ असफल तो डूबे बेटे की खोजबीन करने निकली महिला, छह दिन से है गायब

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नदी में बहे बेटे को खोजने में जब प्रशासन ने हाथ खड़े कर दिए तो मां ने खुद बेटे की तलाश शुरू कर दी। यशोधरा नगर थानांतर्गत छह दिन पहले गरीब नवाज नगर परिसर से पीली नदी के पानी में बहे 9 वर्षीय अदनान कुरैशी का अभी तक कुछ भी पता नहीं चल पाया है। तलाश में दमकल कर्मचारी जुटे हैं। अदनान की मां पर उसके एक भाई और दो मासूम बहनों के परवरिश की जिम्मेदारी है।

अदनान के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। प्रशासन और क्षेत्र के प्रतिनिधियों में से किसी ने भी लाचार और परेशान इस मां को झूठी दिलासा तक देना मुनासिब नहीं समझा। प्रशासनिक अधिकारी भी उसके दरवाजे तक नहीं पहुंचे। क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि गरीब मां का बेटा था, इसलिए कोई सरकारी अधिकारी नहीं आया। बात किसी अमीर के बेटे की होती तो प्रशासन अब तक सारी ताकत उस मासूम के शव को खोजने में झोंक चुका होता। 

बीत गए पांच दिन
घटना के छह दिन बीत जाने के बाद शुक्रवार को जब अदनान के बारे में उसकी मां मरजीना को कोई खबर नहीं मिली तब वह अपने कटिया यानी की ‘गल’ लेकर बेटे की तलाश करने पीली नदी पहुंच गई। समाजसेवी व अदनान के फूफा शहजाद खान ने बताया कि मरजीना ने शुक्रवार को जब यह जिद पकड़ी कि वह अपने बेटे की तलाश खुद करने जाएगी, तब उसके साथ कुछ रिश्तेदार व परिचित भी पीली नदी में कई जगह खुद ‘गल’ डालकर अदनान की तलाश की।

परिवार का सीधा आरोप
शहजाद ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन का कोई अधिकारी तक मरजीना का हाल जानने नहीं आया। उसकी आर्थिक स्थिति बहुत खराब है। पति शेख शकील कुरैशी की मौत के बाद मरजीना जैसे तैसे अपने चारों बच्चों की परवरिश कर रही थी, लेकिन छोटे बेटे अदनान की मौत ने उसे कमजोर कर दिया है। अदनान की मौत से वह बेहद परेशान हो गई है। वह दूसरे के यहां काम करने जाती थी। बेटे का शव नहीं मिलने से मरजीना ने काम पर जाना भी छोड़ दिया है। 

पुलिस भी अब खामोश
वह गत छह दिनों से पीली नदी के किनारे घूम रही है। यशोधरानगर पुलिस भी अब खामोश हो गई है। क्षेत्र के नागरिकों ने पीड़ित परिवार को शासकीय आर्थिक मदद दिए जाने की मांग नगर प्रशासन के आला अफसरों से की है। 
 

Created On :   25 Aug 2018 3:52 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story