जल दोहन करने वालों पर टैक्स लगाने की तैयारी, लगेगा नया मीटर, पड़ सकती है दोहरी मार

Municipal Corp is planning to impose tax on those who waste water
जल दोहन करने वालों पर टैक्स लगाने की तैयारी, लगेगा नया मीटर, पड़ सकती है दोहरी मार
जल दोहन करने वालों पर टैक्स लगाने की तैयारी, लगेगा नया मीटर, पड़ सकती है दोहरी मार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में अनेक लोग मनपा द्वारा की जा रही जलापूर्ति का उपयोग नहीं कर रहे हैं। वे कनेक्शन भी नहीं ले रहे हैं। सीधे भू-गर्भ के पानी का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे मामलों में अब नागपुर महानगरपालिका ने भू-गर्भ का पानी इस्तेमाल करने वालों को संपत्ति कर में नया टैक्स जोड़कर भेजने की तैयारी कर रही है।

मनपा जलप्रदाय विभाग की कार्यकारी अभियंता श्वेता बैनर्जी ने कहा कि हालांकि अभी यह विचाराधीन है। इसका मसौदा तैयार नहीं हुआ है, लेकिन इस पर विचार किया जाएगा। भू-गर्भ के पानी के लाभार्थियों के यहां एक मीटर लगाया जाएगा। पानी के उपयोग अनुसार टैक्स लगाने की तैयारी है। इसका मसौदा तैयार कर उसपर कानूनी सलाह लेकर टैक्स लगाने पर विचार किया जाएगा। ऐसे में बोरवेल या अन्य तरीके से भू-गर्भ के पानी का इस्तेमाल करने वालों पर एक नये टैक्स की मार पड़ सकती है। 

कन्हान-कोलार बांध बनाने पर 500 करोड़ की लागत 
फिलहाल पानी को लेकर मनपा, राज्य सरकार पर निर्भर है। आत्मनिर्भर बनने के लिए मनपा, कन्हान-कोलार संगम पर बांध बनाने की तैयारी कर रही है। इसका सर्वे भी किया गया है। प्रकल्प की लागत काफी अधिक होने से मनपा दो कदम पीछे हट रही है। करीब 500 करोड़ रुपए लागत खर्च बताया गया है। ऐसे में राज्य और केंद्र सरकार से इसमें सहयोग मांगा जाएगा। इस प्रकल्प के बनने में पांच वर्ष से अधिक समय भी लग सकता है। जिस कारण अब मनपा ने नवेगांव से कन्हान तक पाइपलाइन के जरिए पानी लाने का निर्णय लिया है। इसमें समय और खर्च दोनों में बचत हो रही है।

जलप्रदाय समिति के सभापति पिंटू झलके ने कहा कि बांध बनाने के साथ समांतर व्यवस्था पर भी काम किया जाएगा। अभी नवेगांव खैरी से नदी के जरिए कन्हान जलशुद्धिकरण केंद्र तक पानी आ रहा है। बीच में दहेगांव जोशी सहित कई जगह पानी की लिफ्टिंग की जाती है। इस कारण मनपा को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। बांध बनाना एक लंबी प्रक्रिया है। ऐसे में समांतर प्रक्रिया अपनाते हुए नवेगांव खैरी से कन्हान तक पाइपलाइन के जरिए पानी लाया जाएगा। इसमें समय भी कम लगेगा और खर्च की भी बचत होगी। 100 करोड़ के अंदर प्रकल्प की लागत होगी और एक साल में यह काम होने की संभावना है। 

118 कनेक्शन काटे, 812 वैध हुए 
जलसंकट को देखते हुए मनपा ने पिछले दिनों शहर में अवैध कनेक्शन के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू की है। जलप्रदाय समिति के सभापति झलके ने बताया कि मुहिम के तहत अब तक 118 अवैध कनेक्शनों को काटा गया है। इसके अलावा 812 लोगों ने अपने कनेक्शन वैध कराए हैं।

Created On :   5 Jun 2019 1:26 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story