- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- खुद कचरा छंटाई केन्द्र खुलवाकर...
खुद कचरा छंटाई केन्द्र खुलवाकर नोटिस भेज रही मनपा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर के विभिन्न जोन में कचरा छांटने का काम कर रहे महिला बचत समूहों ने मनपा से सहयोग नहीं मिलने और परेशान करने का आरोप लगाया गया है। बचत समूह की प्रतिनिधियों के अनुसार उन्हें इस कार्य के लिए मनपा ने ही जगह उपलब्ध कराई गई थी और अब उन्हें अतिक्रमण का नोटिस भेजा जा रहा है। यहां तक कि, काम शुरू किए हुए छह माह से अधिक हो चुके हैं, लेकिन उन्हें इस संबंध में कोई कागजात उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। हालांकि मामले में नियमों का पालन नहीं किए जाने का सवाल उठाने वाले नगरसेवक प्रवीण दटके के अनुसार उन्होंने सिर्फ इस काम को नियम के अनुसार किए जाने के लिए मनपा को पत्र लिखा है। प्रेस क्लब में आयोजित संवादादाता सम्मेलन में इस काम को कर रहे महिला बचत समूहों की प्रतिनिधियों ने नगर सेवक प्रवीण दटके के इशारे पर उनके साथ असहयोगपूर्ण व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया।
मनपा ने उपलब्ध करवाई थी जगह
सम्मेलन में मंगलवार जोन से मानसी बचत समूह की वंदना, अासीनगर जोन से तनिशा महिला बचत समूह की अस्मिता पाटील, लकड़गंज जोन से मंजू बावणखेड़े, गांधीबाग से शीला वर्मा, धरमपेठ से सावित्रीफुले बचत समूह की संगीता रामटेके और लक्ष्मी नगर जोन से हीरा व छब्बू ने कहा कि, उन्हें सेंटर बंद करने की धमकी दी जा रही है, जबकि मनपा ने ही उनका चुनाव सेंटर चलाने के लिए चयन किया था और प्रशिक्षण भी दिया गया। यहां तक कि, सेंटर चलाने के लिए जगह भी मनपा ने ही उपलब्ध कराई है।
सेंटर के लिए नियम तैयार करने प्रस्ताव
कचरा छंटाई केंद्रों के नियमानुसार चलाए जाने के लिए नगर सेवक प्रवीण दटके के सवाल के जवाब में मनपा के आरोग्य अधिकारी डॉ. सुनील कांबले का कहना है कि, सेंटर की कार्यप्रणाली के लिए नियम तैयार करने संबंधी प्रस्ताव मंजूरी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिया गया है।
स्वच्छ भारत अभियान में रोजगार का मुद्दा
अनुसूया काले ने बताया कि, स्वच्छ भारत अभियान के तहत कचरा चुनने वालों और छंटाई का काम करने वालों के लिए रोजगार उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। एनेक्स-3 के मॉडल छह में कहा गया है कि, कचरा छंटाई के लिए केंद्र शुरू किए जाएंगे, जहां कचरा चुनने वालों और महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
काम अच्छा, पर नियमानुसार नहीं
यह काम अच्छा है लेकिन इसे नियमानुसार नहीं किया जा रहा है। मैंने मनपा को लिखे पत्र में केवल नियम अनुसार काम किए जाने का सवाल उठाया है। गांधीबाग जोन में नाइट स्कूल में कचरा छंटाई सेंटर चल रहा है। यह इस के लिए सही जगह नहीं है।
-प्रवीण दटके, नगरसेवक
Created On :   21 Jun 2019 1:50 PM IST