होली मनाने ससुराल गए युवक की हत्या - रांझी थाना क्षेत्र के गोकलपुर में बीती घटना से सनसनी

Murder of in-laws to celebrate Holi by in-laws - sensation in Gokalpur
होली मनाने ससुराल गए युवक की हत्या - रांझी थाना क्षेत्र के गोकलपुर में बीती घटना से सनसनी
होली मनाने ससुराल गए युवक की हत्या - रांझी थाना क्षेत्र के गोकलपुर में बीती घटना से सनसनी

डिजिटल डेस्क,जबलपुर । होली मनाने अपनी ससुराल गोकलपुर  गये रामपुर छापर निवासी एक युवक का वहाँ के कुछ लोगों से विवाद हो गया। विवाद बढऩे पर युवकों ने घेरकर उस पर चाकू से हमला कर उसे मरणासन्न हालत में पहुँचा दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल पहुँचाया गया। जहाँ चिकित्सकोंं ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुँचकर आधा दर्जन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। 

सूत्रों के अनुसार हमले में घायल युवक बालक राम पटैल उम्र 35 वर्ष पर चाकू से हमला कर हत्या किए जाने की सूचना पाकर पुलिस अस्पताल पहुँची। जाँच के दौरान गोकलपुर पंचायती कुआँ  निवासी अशोक पटैल ने बताया कि वह प्राइवेट बस में ड्राइवरी करता है। होली पर्व पर 10 मार्च की  दोपहर लगभग 2-3 बजे उसका दामाद बालक राम पटैल निवासी पटैल मोहल्ला रामपुर अपने भाँजे दीपक पटैल तथा मित्रों के साथ  त्यौहार मनाने बुलेट से उसके घर गोकलपुर  आया था। दामाद चिकन बनवाकर अपने साथ लाया था। सभी ने खाना खाया उसके बाद होली का त्यौहार मनाया फिर चाय पीकर शाम लगभग साढ़े 5 बजे बालक राम पटैल अपनी बुलेट को स्टार्ट कर रहा था।  तभी बुलेट की आवाज सुनकर हिमांशु यादव, शनि यादव, सुनील यादव, आयुष यादव, अभिषेक उर्फ पिंकू पाण्डेय, अमन महोबिया आ गये और उसके दामाद के साथ गाली-गलौज करने लगे। उसने गाली-गलौज करने से मना किया तो अमन महोबिया, सुनील यादव, शनि यादव, आयुष यादव, अभिषेक उर्फ पिंकू पाण्डेय, हिमांशु यादव ने मिलकर   बालक राम को पकड़ कर मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच  हिमांशु ने चाकू निकाला और बालक राम को मारने लगा, बालकराम ने चाकू को बाएँ हाथ से पकड़ लिया, जिससे उसके बाएँ हाथ की हथेली में चोट आ गई, इसके बाद हिमांशु ने बालक राम की बायीं आँख के नीचे हमला कर दिया।  वह दौड़कर बचाने आया और चाकू पकड़ लिया तो उसको भी बाएँ हाथ की हथेली में चोट आ गयी। सुनील यादव ने बालकराम पर लाठी से हमला किया, लाठी बुलेट की टंकी में लगी। उसकी पत्नी राधा एवं लड़की उन्नति, भाँजा दामाद दीपक व अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया तो सभी लोग भाग गये। हमले में गंभीर रूप से घायल बालक राम की अस्पताल में मौत हो गयी। रिपोर्ट पर धारा 147, 148, 149, 302 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। 

पत्नी रूठकर चली गयी थी मायके 
पुलिस के अनुसार मृतक का विवाह करीब 7 वर्ष पूर्व राधा के साथ हुआ था, उनका 3 वर्ष का एक बेटा है। दोनों के बीच अनबन चल रही थी जिसके कारण पत्नी अपने मायके में रह रही थी और मृतक बालक राम अपने बेटे से मिलने व होली खेलने के लिए ससुराल पहुँचा था। 
मामूली विवाद पर हत्या 
इनका कहना है
गोकलपुर पंचायती कुआँ स्थित अपनी ससुराल आये बालक राम का वहाँ रहने वाले कुछ युवकों से विवाद हो गया था। विवाद के चलते उसकी हत्या कर दी गयी। पुलिस हत्या के आरोपियों की तलाश कर रही है। 
-सुनील नेमा, टीआई 
 

Created On :   12 March 2020 7:53 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story