- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- गडकरी से मिले नायडू और रूड़ी,...
गडकरी से मिले नायडू और रूड़ी, सिंचाई परियोजना को लेकर हुई चर्चा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से उनके बंगले पर मुलाकात की। इसके बाद वो सिंचाई परियोजना पर चर्चा के बाद दिल्ली रवाना हुए। नायडू के साथ आंध्रप्रदेश के सिंचाई मंत्री उमा महेश्वरराव भी थे। इस दौरान नायडू ने बताया कि वे बुधवार को विदेश यात्रा पर जा रहे हैं। इससे पहले उन्होंने गडकरी को कोलावरम सिंचाई परियोजना के बारे में जानकारी दी। कोलावरम परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित किया गया है। आंध्रप्रदेश में पूर्व गोदावरी और पश्चिम गोदावरी जिले में कोलावरण सिंचाई परियोजना का निर्माण किया जा रहा है। जिसका लाभ छत्तीसगढ़ और उड़ीसा के किसानों को मिलेगा। नायडू ने बताया कि गडकरी ने परियोजना की अड़चनों के संबंध में जानकारी ली है। कुछ मामलों पर निर्णायक चर्चा दिल्ली में होगी। गडकरी ने कोलावरम परियोजना की सभी अड़चनें दूर करने में सहयोग का आश्वासन दिया है।
रूडी ने संघ कार्यकर्ता पर हमले की निंदा की
इससे पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल से हटाए गए कौशल विकास मामलों के मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने मंगलवार सुबह को गडकरी से मुलाकात की थी। रामनगर में ‘भक्ति’ बंगले पर एक घंटे तक दोनों नेताओं में राजनीतिक विषयों पर चर्चा हुई। हालांकि रूडी ने गडकरी से मुलाकात को सामान्य बताया है। उन्होंने कहा कि गडकरी को दीपावली की शुभकामना देने आए थे। गडकरी के नए आवास पर पूजन रखा गया था। इस दौरान उन्होंने लुधियाना में संघ के कार्यकर्ता रवींद्र देसाई की हत्या पर शोक जताया। उन्होंने कहा था स्वयंसेवकों की हत्याएं निंदनीय है। जो चिंता का विषय बन गया है।
कयासों का दौर
रूडी के नागपुर दौरे को लेकर कई कयास लगाए जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्रिमंडल से हटाने के बाद वो भाजपा के एक वर्ग से नाराज हैं। उन्होंने कहा कि मंत्रिपद से हटाने का कारण हटानेवाले ही बता सकते हैं। खास बात यह है कि रूडी को केंद्रीय मंत्रिमंडल के दूसरे विस्तार में मंत्री बनाया गया था। कौशल विकास को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘ड्रीम प्रोजेक्ट’ भी कहा जाता है। रूडी पहले से ही कौशल विकास मामले को लेकर विविध कार्यक्रम लेते रहे हैं। संगठनात्मक मामले में उनका बड़ा योगदान रहा है।
महाराष्ट्र की राजनीति में सक्रियता
राजनाथ सिंह जब भाजपा के अध्यक्ष थे, तब रूडी ने बूथ प्रचार का ‘माइक्रो प्लान’ किया था। रूडी ने महाराष्ट्र में प्रभारी के नाते विविध जिलों का दौरा किया था। 2014 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भी उनकी बड़ी भूमिका थी। सीएम देवेंद्र फडणवीस के शपथ-ग्रहण के बाद कहा जाने लगा था कि उन्हें केंद्र में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से भी रूड़ी की करीबी बनी, लेकिन मंत्री पद से हटाने के बाद वे संगठन में भीतरी तौर पर असंतुष्ट हैं।
केरल में आरएसएस कार्यकर्ताओं की हत्या
पिछले कुछ समय से केरल में आरएसएस और बीजेपी के कार्यकर्ताओं की हत्या की घटनाएं भी आमने आईं हैं। जिसके बाद से ही बीजेपी ने केरल की कम्युनिस्ट सरकार पर हमले तेज कर दिए थे। हाल ही में बीजेपी ने केरल में जनरक्षा यात्रा की थी, जिसमें अमित शाह, शिवराज चौहान, और यूपी के सीएम योगी ने रैलियां की थीं और केरल के सीएम विजयन को इन हत्याओं के लिए जिम्मेदार बताया था।
Created On :   17 Oct 2017 6:28 PM IST