वर्चस्व की लड़ाई में कुख्यात अपराधी की हत्या

Murder of vicky chavan notorious gangster nagpur maharashtra
वर्चस्व की लड़ाई में कुख्यात अपराधी की हत्या
वर्चस्व की लड़ाई में कुख्यात अपराधी की हत्या

डिजिटल डेस्क,नागपुर। वाडी क्षेत्र में मामूली विवाद को लेकर एक कुख्यात अपराधी की हत्या कर दी गई। मृतक का नाम विक्रम उर्फ विक्की चव्हाण (27) है। विक्की के दोस्त अभिषेक मेहरे की भी हत्या का प्रयास किया गया। पुलिस ने विक्की की हत्या के आरोप में आरोपी अर्पित नरेंद्र निंबोरकर (26), चतुर्भुज ले-आउट, प्लॉट नं-68 वाड़ी और अभिषेक उर्फ सनी राजेश वराड़पांडे (22)  को गिरफ्तार किया। इन दोनों आरोपियों को वाड़ी पुलिस ने अदालत के समक्ष पेश किया। अदालत ने दोनों को 6 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। उक्त घटना  चतुर्भुुज ले-आउट, वाड़ी परिसर में हुई। वर्चस्व की लड़ाई को लेकर यह हत्या किए जाने की चर्चा परिसर में हो रही है। 

ऐसे बढ़ा विवाद

पुलिस सूत्रों के अनुसार, टेकड़ी, वाड़ी निवासी अभिषेक मुन्नाजी मेहरे (19) रविवार रात करीब 12.30 बजे अपने दोस्त विक्की उर्फ विक्रम अरुण चव्हाण शिवाजीनगर, दखनी मोहल्ला निवासी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर विक्की के घर जा रहे थे। इस दौरान वाड़ी क्षेत्र में चावला काॅम्प्लेक्स के पीछे  चतुर्भुुज ले-आउट, शिवाजीनगर में आरोपी अर्पित नरेद्र निंबोरकर और उसका मित्र  अभिषेक उर्फ सनी राजेश वराडपांडे  प्लाॅट नं. 68, चतुर्भुुज ले-आउट, कंट्रोल वाड़ी निवासी ने अभिषेक मेहरे और विक्की चव्हाण को दुर्घटना के मामले को लेकर बीच रास्ते में रोका। यह बात विक्की को अच्छी नहीं लगी। उसके बाद दुर्घटना वाली बात को लेकर आरोपी अर्पित और सनी वराडपांडे ने अभिषेक मेहरे और विक्की चव्हाण के साथ विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर आरोपी अर्पित व उसके मित्र सन्नी  ने विक्की और अभिषेक  पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने विक्की के सीने और पेट की बाईं ओर वार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। इस घटना में विक्की की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अभिषेक मेहरे का उपचार शुरू है। घायल अभिषेक मेहरे की शिकायत पर  वाड़ी थाने के उपनिरीक्षक कावनपुरे ने आरोपी सनी और अर्पित के खिलाफ धारा 302, 307, 341, 34 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। 
 
एक माह पहले आया था जेल से बाहर

वाडी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पाठक ने बताया कि विक्की चव्हाण पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे। आरोपियों के आपराधिक रिकार्ड खंगाले जा रहे हैं। चर्चा है कि विक्की ने अर्पित को धमकाया था। यह बात उसे ठीक नहीं लगी थी। करीब एक माह पहले ही विक्की जेल से छूटकर आया था। विक्की आरोपियों को धमकाने लगा तो उसे अर्पित ने समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं माना तो उस पर आरोपियों ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया। चर्चा यह भी है कि विक्की पहले आरोपियों के घर पर घातक शस्त्र लेकर उन्हें धमकाने गया था।  पहले विक्की ने हमला करने की कोशिश की। आरोपियों ने विक्की के पेट की अतड़ी ही बाहर निकाल दी। विक्की का दोस्त अभिषेक मेहरे जख्मी है। विक्की का वाड़ी क्षेत्र में काफी दबदबा था। वह तड़ीपार किया गया था। एक माह पहले ही विक्की जेल से बाहर आया था। उसने जेल से बाहर आने के बाद वाड़ी में दादागिरी शुरू कर दी थी। 

विक्की की हो चुकी थी सगाई

चर्चा है कि विक्की चव्हाण वाड़ी क्षेत्र की सहारे गैंग से जुड़ा था।  वाड़ी के आम्बेडकर नगर में भी गैंगवर भड़कने की आंशंका जताई जा रही है।  शिवाजी नगर दखनी मोहल्ले में विक्की चव्हाण रहता था। विक्की के पिता हमाली का काम करते हैं। मां भी घरेलू काम करती है। विक्की के शवयात्रा में किसी तरह की अनहोनी न हो, इसलिए पुलिस प्रशासन ने दंगा निरोधक दस्ते को तैनात कर दिया था। विक्की का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पता चला है कि विक्की की सगाई हो गई थी। वाड़ी क्षेत्र में नागरिक कुछ बदमाशों से परेशान होने की शिकायत कई बार पुलिस से कर चुके हैं। इस क्षेत्र मेें अवैध धंधे शुरू होने की शिकायत भी नागरिकों ने की है। 
 

 



 

Created On :   2 July 2019 5:45 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story