नागपुर : गांधीबाग में वर्षों पुराने धार्मिक स्थलों पर चला डोजर, पथराव के बाद लाठीचार्ज

Nagpur : Old religious places demolished in Gandhibagh Square
नागपुर : गांधीबाग में वर्षों पुराने धार्मिक स्थलों पर चला डोजर, पथराव के बाद लाठीचार्ज
नागपुर : गांधीबाग में वर्षों पुराने धार्मिक स्थलों पर चला डोजर, पथराव के बाद लाठीचार्ज

डिजिटल डेस्क, नागपुर। उच्च न्यायालय के निर्देश पर शहर में अनधिकृत धार्मिक स्थलों के खिलाफ चल रही कार्रवाई में शनिवार को भारी बवाल मचा। गांधीबाग गार्डन के सामने महाकाली माता मंदिर का अतिक्रमण हटाने पहुंचे तोड़ूदस्ते पर कुछ लोगों ने पथराव किया। इस कार्रवाई के बाद अग्रसेन चौक से डागा हॉस्पिटल के बीच स्थित हजरत बाबा मुराद अली दरगाह का अनधिकृत कार्य भी हटाने की कार्रवाई की गई। यहां पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया।

पत्थर फेंकने शुरू कर दिए
शनिवार सुबह 11 बजे मनपा का तोड़ूदस्ता गांधीबाग गार्डन के ठीक सामने स्थित महाकाली माता मंदिर का अनधिकृत निर्माणकार्य तोड़ने पहुंचा। मंदिर वर्षों पुराना होने से भीड़ इकट्ठा हो गई। शुरू में कई लोगों ने कार्रवाई रोकने की मांग की। कुछ लोगों ने विरोध करते हुए तोड़ूदस्ते और पुलिस पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। दस्ते के कर्मचारियों को पत्थर लगने की जानकारी है। पुलिस ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित कर पत्थरबाजी करने वाले 2-3 लोगों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद शांतिपूर्ण ढंग से संबंधित धार्मिक स्थल का अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। 

और यहां हुई गाली-गलौज
इसके बाद तोड़ूदस्ता अग्रसेन चौक स्थित हजरत बाबा मुराद अली दरगाह का अतिक्रमण हटाने पहुंचा। इस कार्रवाई के दौरान भी भीड़ का विरोध झेलना पड़ा। कुछ लोगों ने पुलिस से गाली-गलौच कर बदतमीजी करने का प्रयास किया। माहौल अधिक आक्रामक होने पर पुलिस को हल्के बलप्रयोग का सहारा लेना पड़ा। भीड़ हटने पर वहां तगड़ा पुलिस बंदोबस्त लगाकर अनधिकृत निर्माणकार्य हटाया गया। तहसील पुलिस के बंदोबस्त में मनपा अतिक्रमण निर्मूलन विभाग के प्रमुख अशोक पाटील के नेतृत्व में यह कार्रवाई की। कार्रवाई देर शाम तक जारी रही। 

Created On :   16 Dec 2018 11:14 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story