ट्रेन में RPF ने पकड़े दो भविष्य बताने वाले तोते

Nagpur : Police arrested two accused for carrying parrot in cage
ट्रेन में RPF ने पकड़े दो भविष्य बताने वाले तोते
ट्रेन में RPF ने पकड़े दो भविष्य बताने वाले तोते

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शुक्रवार की सुबह नागपुर रेलवे स्टेशन पर दो भविष्य बताने वाले तोते पकड़े गये। आरपीएफ ने कार्रवाई की है। इसके साथ दो आरोपियों को भी पकड़ा है। जो इन्हें अपने गांव पिंजरे में कैद कर ले जा रहे थे। आरपीएफ ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर वन विभाग को इसकी सूचना दी। जिसके बाद वन विभाग ने दोनों को गिरफ्तार कर तोते अपनी हिरासत में लिये।

गश्त के दौरान हुआ संदेह
जानकारी के अनुसार रोज की तरह नागपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की टीम गश्त लगा रही थी। दरमियान दो आरोपी 12860 हावड़ा-मुंबई गीतांजलि एक्सप्रेस से प्लेटफार्म नंबर 6 पर उतरे थे। यहां से वह बड़ी थैली में कुछ लेकर जा रहे थे। ऐसे में सिपाही विकास शर्मा का इस पर ध्यान गया। जिसके बाद सिपाही विकास ने संदेह के आधार पर आरोपियों से थैली के बारे में पूछताछ की। कानूनी प्रक्रिया से आरोपियों के थैलियों की जांच करने पर इसमें दो पिंजरे दिखाई दिये, जिसमें 2 तोते रखे थे। नियमानुसार तोते को पिंजरे में नहीं रखा जा सकता है। ऐसे में सिपाही विकास ने तुरंत तोता व आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने में लाया। यहां वरिष्ठ अधिकारियों के सामने पूछताछ शुरू हुई।

कानूनी नियमों से अनभिज्ञ
आरोपियों ने बताया कि, यह तोते उनके हैं और कई सालों से उनके पास ही हैं। वह इनके माध्यम से भविष्य बताने का काम करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इन तोतो के माध्यम से चिटि्ठयां उठाकर लोगों का भविष्य बताया जाता है। कई बार ताश के पत्तों से भी उनका भविष्य बताया जाता है। आरोपियों ने यह भी बताया कि वह चक्कदरपुर से नागपुर आये थे। यहां से ट्रेन नंबर 12724 नई दिल्ली-हैदराबाद तेलंगाना एक्सप्रेस से आंध्रा के मंचेरियल की ओर जा रहे थे। उन्होंने तोता पालना कानूनी जुर्म होने के बारे में अज्ञानता भी दिखाई। इस संबंध में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ज्योतिकुमार सतिजा को जानकारी दी गई। जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने वन विभाग को इसकी सूचना दी। वन विभाग की एक टीम नागपुर स्टेशन पर दोपहर 1 बजे पहुंचने के बाद उन्होंने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर तोतों को अपने कब्जे में लिया। आगे की कार्रवाई वन विभाग कर रहा है।

नहीं पाल सकते तोता
याद रहे कि वन्यजीव कानून अंतर्गत तोता प्रतिबंधित पक्षियों की सूची में आता है। ऐसे में इसे पालने पर 25 हजार जुर्माना या जेल हो सकती है। हालांकि इसे लेकर किसी तरह का प्रचार-प्रसार नहीं होने से लोग अपने घरों में इ्न्हें पिंजरे में कैद रखते हैं। वन विभाग भी इस दिशा में कार्रवाई करने में पूरी तरह से सफल नहीं होता है। क्योंकि कुछ वन अधिकारियों के अनुसार घर में पाले हुए तोतो को अगल घरवालों से अलग माहौल में रखा जाए तो वह ज्यादा समय तक जिंदा नहीं रहते हैं। कुछ वर्ष पहले हुई कार्रवाई में ऐसे मामले सामने भी आये थे।

जंगल से पकड़ते हैं  
सूत्रों की माने तो आरोपियों ने बताया कि इन तोतों को जंगल से पकड़ा जाता है। कुछ गिरोह इन्हें बेचने का कारोबार करते हैं, इन्हीं के पास से उन्होंने इसे खरीदा था।

 

Created On :   22 Feb 2019 2:28 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story