- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- तिरंगे के रंगों की लाइटिंग से...
तिरंगे के रंगों की लाइटिंग से जगमगाने लगी नागपुर रेलवे स्टेशन की इमारत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। आजादी पर्व 15 अगस्त को देखते हुए नागपुर रेलवे स्टेशन को भव्य रूप से सजाया गया है। लाइट की झालरों की मदद से केसरी, हरे रंग के साथ इस तरह लाइटिंग का मेल-मिलाप किया है, कि इमारत पर तिरंगे की रोशनी जगमगाती दिख रही है। इससे बरबस ही मार्ग से गुजरने वालों का ध्यान भी इमारत की ओर आकर्षित हो रहा है। हर वर्ष स्टेशन को अलग-अगल तरीके से तिरंगे के थीम पर सजाया जाता है। इस बार भी नीले लाइटों का साथ लेकर स्टेशन को सजाया गया है। तिरंगे के रूप में जगमगाहट देखते ही बन रही है।
उल्लेखनीय है कि नागपुर रेलवे स्टेशन की इमारत हेरिटेज है। वर्ष 1905 से इस इमारत का निर्माण शुरू हुआ था। जिसे 1925 में ब्रिटिश सरकार ने साकार किया था। लगभग 70 मीटर लंबी इमारत की ऊंचाई 40 फीट है। 100 वर्ष से ज्यादा समय बितने के बावजूद आज भी स्टेशन की इमारत हर किसी का ध्यान खींचने की क्षमता रखती है। बुधवार को 15 अगस्त है, आजादी के दिन हेरिटेज इमारतों को सजाया जाता है। इसी तरह हर बार नागपुर स्टेशन को भी सजाया जाता है। इस बार भी रविवार को ही इसे सजा लिया गया।
इमारत के ऊपर फोकस लाइटें व सीरीज लगाई गई हैं। रात होते ही इनकी रोशनी इमारत को ढंक लेती है। करीब ढाई लाख के खर्च के साथ निजी इलेक्ट्रिशयन की मदद से स्टेशन को सजाने का काम किया गया है। जिसे अगले पांच दिनों तक शुरू रखा जाएगा। स्टेशन पर रोजाना आने वाले यात्रियों की संख्या 40 हजार से ज्यादा है। ऐसे में यहां आने वाले लोगों को इमारत पर तिरंगे की रोशनी आकर्षित लग रही है। वहीं स्टेशन के सामने जाने वाले मार्गों से गुजरने वाले वाहन धारकों का भी इमारत बरबस ही अपनी ओर ध्यान खींचती है। बता दें कि नागपुर में मुख्य स्टेशन के अलावा अजनी और इतवारी स्टेशन भी है। इन स्टेशनों पर भी 15 अगस्त को लेकर सजावट की गई है।
Created On :   13 Aug 2018 4:07 PM IST