शिक्षा का गढ़ पुणे को पछाड़कर नागपुर साक्षरता में अव्वल, औरंगाबाद, नासिक को भी पीछे छोड़ा

Nagpur reaches on first position in education leaving pune behind
शिक्षा का गढ़ पुणे को पछाड़कर नागपुर साक्षरता में अव्वल, औरंगाबाद, नासिक को भी पीछे छोड़ा
शिक्षा का गढ़ पुणे को पछाड़कर नागपुर साक्षरता में अव्वल, औरंगाबाद, नासिक को भी पीछे छोड़ा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। साहित्य व शिक्षा का गढ़ समझे जाने वाले पुणे को पछाड़कर नागपुर जिले ने  साक्षरता प्रमाण में अपना परचम लहराया है। राज्य के मुंबई महानगर को यदि छोड़ दें, तो महाराष्ट्र में साक्षरता के प्रमाण में नागपुर अव्वल है। जहां संपूर्ण महाराष्ट्र के साक्षरता का प्रमाण 82.3 प्रतिशत दर्ज है, वहीं नागपुर जिले में साक्षरता का औसत आंकड़ा 88.4 दर्ज किया जा चुका है। वर्ष 2017 की राज्य सरकार की रिपोर्ट के अनुसार नागपुर शहर की साक्षरता 91.37 एवं ग्रामीण की साक्षरता 81.92 प्रतिशत होने का दावा किया गया है।

नागपुर की महिलाएं 84.5% शिक्षित
जिले की जनसंख्या 46 लाख 53 हजार 570 है। इनमें 23 लाख 85 हजार पुरुष एवं 22 लाख 69 हजार महिलाओं का समावेश है। साक्षरता के लिहाज से देखा जाए, तो जिले की 84.5 प्रतिशत महिलाएं शिक्षित हैं, जबकि पुरुषों के साक्षरता का प्रमाण 92.1 दर्ज किया गया है। 

1960 में 35% थे साक्षर 
आजादी के बाद जब सर्वत्र शिक्षा के द्वार खुलने लगे। लोगों को शिक्षा का महत्व समझने लगा, तब हर तबके के लोगों ने अपने बच्चों को शिक्षित करने की ठान ली, लेकिन 1960 के दशक में नागपुर जिले की जनसंख्या जब महज 6 लाख 43 हजार 659 हुआ करती थी, तब साक्षरता का प्रमाण महज 35.15 प्रतिशत था। इस दौरान महाराष्ट्र के साक्षरता का प्रमाण भी समतुल्य था। आज जब नागपुर जिले के साक्षरता के प्रमाण को देखते हैं, तो यह महाराष्ट्र के 82.3 प्रतिशत को पछाड़ कर 88.4 पर पहुंच गया है। जो नागपुरवासियों के लिए गर्व की बात है।

गुजरात, एमपी, यूपी से महाराष्ट्र आगे
देश स्तर पर यदि साक्षरता की बात की जाए, तो महाराष्ट्र केरल के बाद अपने पड़ोसी राज्यों से काफी आगे नजर आता है। महाराष्ट्र में साक्षरता का प्रमाण जहां 82.3 है, वहीं गुजरात 78%, आंध्र प्रदेश 67%, मध्य प्रदेश 69.3% और कर्नाटक 75.4 प्रतिशत पर ही अटके हुए हैं। 

शिक्षा के गढ़ में नागपुर
पुणे को शिक्षा व साहित्य का गढ़ माना जाता रहा है। महात्मा फुले से लेकर अनेक समाज सुधारकों का गढ़ पुणे रहा है, लेकिन नागपुर ने शैक्षणिक क्षेत्र में तेज रफ्तार पकड़ी और अनेक महानगरों को पछाड़ते हुए मुंबई के बाद अव्वल स्थान पर पहुंच गया है। आज नागपुर में साक्षरता दर 88.4%, पुणे 86.2%, औरंगाबाद 79%, नासिक 82.3%, अमरावती 87.4% है। 

 

Created On :   8 Sept 2018 1:24 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story