जनता दरबार बना जंग का मैदान, एक दूसरे पर आरोप मढ़ रहे सत्तापक्ष व विपक्ष

Nagpur : Ruling and opposition are fighting in the Janta Darbar
जनता दरबार बना जंग का मैदान, एक दूसरे पर आरोप मढ़ रहे सत्तापक्ष व विपक्ष
जनता दरबार बना जंग का मैदान, एक दूसरे पर आरोप मढ़ रहे सत्तापक्ष व विपक्ष

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में चल रहा जनता दरबार जंग का मैदान बनता जा रहा है। अब तक जहां-जहां जनता दरबार का आयोजन हुआ हर जगह हंगामा नजर आया। जनता दरबार को लेकर कांग्रेसी नगरसेवकों ने आरोप लगाया है कि सत्तापक्ष उन्हें भूमिपूजन के कार्यक्रम में नहीं बुलाते हैं। एक कार्य का तीन-तीन बार भूमिपूजन करते हैं, लेकिन काम नहीं करते। इस पर पश्चिम नागपुर के विधायक भड़क गए और बोले-जिस काम के बारे में बोला जा रहा है, उसका सिर्फ 2 ही बार भूमिपूजन हुआ है। नगरसेवकों में बहस हुई तो विधायक बोले यदि मैं गलत हुआ तो इस्तीफा दे दूंगा, वरना आप (नगरसेवकों) को इस्तीफा देना पड़ेगा। यह आरोप धरमपेठ जोन कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में सोमवार को नगरसेवक कमलेश चौधरी, हरीश ग्वालबंशी व दर्शनी धवड़ ने लगाए। नगरसेवक किशोर जिचकार भी पीछे खड़े थे। नगरसेवक ने जनता दरबार में मंजिरा बजाकर अपना विरोध दर्ज करवाया। पालकमंत्री ने उन्हें ऐसा करने से रोका, लेकिन उन्होंने नहीं सुनी।

कांग्रेस पार्षदों ने कहा- हमें भी जनता ने चुनकर दिया है, ऊपर से टपके नहीं हैं
कांग्रेस के नगरसेवक धरमपेठ के जनता दरबार में अपने कार्यकर्ताओं के साथ शोर-शराबा करते हुए पहुंचे और आरोप लगाया कि उनकी समस्याओं को नहीं सुना जा रहा है। इस पर पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि वह अभी टोकन वाली शिकायतें सुन रहे हैं। इनके बाद आपको सुनेंगे। टोकन की शिकायत खत्म होने पर बुलाया तो नगरसेवक कमलेश चौधरी ने आरोप लगाया कि जनता दरबार में पक्षपात हो रहा है। जनता दरबार में सभी मनपा की सत्तापक्ष भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के फोटो लगे हैं, लेकिन न तो उसमें मनपा का लोगो है और न ही विपक्ष नेता की फोटो। हमें भी जनता ने चुनकर दिया है, हम यहां ऊपर से नहीं गिरे और न ही मंजिरा बजाने के लिए आए हैं। 

आरोप यह भी- चुनाव के मुहाने शुरू किया जनता दरबार
पालकमंत्री बोले-मैं भी पक्षपात नहीं करता हूं। सभी जोन के जनता दरबार में ऐसा ही बैनर बनाया गया है। नगरसेविका दर्शनी धवड़ ने कहा कि 5 साल हो गए इसलिए जनता दरबार चालू कर दिया, इसके पिछले साल क्यों नहीं उल्लेखित किया? यह सरकार का कम और पार्टी का कार्यक्रम ज्यादा दिखाई दे रहा है। दावा में एक सड़क का तीन बार भूमिपूजन किया, लेकिन सड़क कब बनाएंगे? भूमिपूजन में विपक्ष के नगरसेवकों को क्यों नहीं बुलाते? 

बिफरे देशमुख
इस आरोप पर विधायक देशमुख भड़क गए और बोले-कांग्रेस वाले हमें नहीं बुलाते थे, इसलिए हम नहीं बुलाते हैं। पहले भूमिपूजन होने के बाद सड़क का काम हुआ, लेकिन वह उखड़ गई। दूसरी बार सड़क के डामरीकरण के लिए भूमिपूजन हुआ। फिर स्थानीय नागरिकों ने सीमेंट सड़क की मांग की, इसलिए दूसरी बार भूमिपूजन किया गया। नगरसेवक तीन बार भूमिपूजन करने के मामले पर अड़े रहे तो विधायक देशमुख बोले सिर्फ 2 ही बार भूमिपूजन किया गया, चाहो तो अधिकारियों को बुलाकर उनसे पूछ लो। यदि मैं गलत हुआ तो मैं इस्तीफा दूंगा अन्यथा तुम्हें देना पड़ेगा। 

...तो यह चुटकी ली
इस पर नगरसेवक हरीश ग्वालबंशी ने चुटकी लेते हुए कहा कि आपकेे पास समय ही कितना बचा है?

Created On :   5 Feb 2019 4:47 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story