- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- उमस ने किया हलाकान, तापमान भी 2...
उमस ने किया हलाकान, तापमान भी 2 डिग्री बढ़ा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सूर्य का आग उगलना जारी है। दो दिन पूर्व हुई बारिश से उमस और बढ़ गई है। सोमवार को पारा और 2 डिग्री उछला। अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री व न्यूनतम 22.7 डिग्री रहा। फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। गर्मी में बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। शाम को सूरज ढलने के बाद भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार तेज धूप के साथ आसमान में अंशत: बादल छाए रहेंगे।
तेज धूप व गर्मी से लोग परेशान
मौसम विभाग के अनुसार, नागपुर समेत पूरे विदर्भ में तापमान में वृद्धि हुई है। शहरवासी दिन भर तेज धूप व गर्मी से परेशान रहे। दोपहर को सड़कों पर ज्यादा भीड़-भाड़ नजर नहीं आ रही थी। जरूरी होने पर ही लोग घर से बाहर निकल रहे थे। मंगलवार को भी सुबह से ही धूप चटक रही है। गर्मी के तेवर सुबह से ही तल्ख रहने से शहरवासी पसीने से तरबतर हो रहे हैं। तापमान 41-42 डिग्री तक रह सकता है। चिलचिलाती धूप से सामना होगा। हालांकि अंशत: आसमान में बादल छाए रहेंगे। नागपुर समेत भंडारा, चंद्रपुर, गडचिरोली व गोंदिया में कुछ जगहों पर गरज के साथ तेज हवा चल सकती है। प्रति घंटा 40 से 50 किमी की रफ्तार से हवा चलेगी। विदर्भ में सबसे गर्म अकाेला रहा।
अकोला का तापमान 42 डिग्री के पार
अकोला का तापमान 42.4 डिग्री रहा। लू से बचने के लिए कड़ी धूप में बाहर नहीं निकलने की सलाह दी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार विदर्भ के अमरावती, चंद्रपुर व यवतमाल जिलों में भी गर्मी से हालात लगभग एक जैसे रह सकते हैं। नागपुर में इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में सिटी काफी पहले ही भीषण गर्मी की चपेट में आ गई है। डाक्टरों के साथ ही जिला प्रशासन ने तेज धूप व गर्म हवाओं से बचने के उपाय करने की अपील नागरिकों से की है। लोग दोपहर के समय बाहर निकलने से बच रहे हैं। जरूरी काम शाम को ही पूरा करते देखे जा रहे हैं।
Created On :   23 April 2019 11:47 AM IST