- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- दलितों को आकर्षित करने नागपुर में...
दलितों को आकर्षित करने नागपुर में होगा भाजपा का मंथन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। रोहित वेमुला प्रकरण, उना कांड, एससी-एसटी एक्ट सहित कई मसलों को लेकर सरकार से नाराज चल रहे दलितों को आकर्षित करने भाजपा मंथन करेगी। 19 जनवरी से भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन शुरू होने जा रहा है। देशपांडे सभागृह के प्रांगण में आयोजित अधिवेशन में दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस अधिवेशन का उद्घाटन करेंगे।
अनुसूचित जाति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद सोनकर की अध्यक्षता में होने वाले अधिवेशन में केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी, केंद्रीय सामाजिक न्यायमंत्री थावरचंद गहलोत, भूपेंद्र यादव सहित अनुसूचित जाति के विविध केंद्रीय राज्यमंत्री, विविध आयोग के अध्यक्ष-सदस्य, विविध राज्यों के 46 सांसद, 150 विधायक, जिप अध्यक्ष, महापौर, जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा देशभर से करीब 5 हजार प्रतिनिधि इस अधिवेशन में शिरकत करेंगे।
कस्तूरचंद पार्क में ‘विजय संकल्प सभा-2019’
अधिवेशन की जानकारी देते हुए भाजपा शहर अध्यक्ष सुधाकर कोहले ने बताया कि 20 जनवरी को अधिवेशन का समापन होगा। समापन अवसर पर दोपहर 3 बजे कस्तूरचंद पार्क में ‘विजय संकल्प सभा-2019’ का आयोजन किया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सभा में मार्गदर्शन करेंगे। प्रमुखता से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, प्रदेशाध्यक्ष रावसाहब दानवे, अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारी सभा को संबोधित करेंगे। सभा प्रमुख के रूप में पूर्व महापौर प्रवीण दटके को जिम्मेदारी सौंपी गई। सुधाकर कोहले ने बताया कि सभा में लाखों की संख्या में नागरिक उपस्थित रहेंगे।
अमित शाह के आने पर सस्पेंस
20 जनवरी को समाप्त होने वाले अधिवेशन में प्रमुख मार्गदर्शन के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शामिल होंगे, लेकिन उन्हें स्वाइन फ्लू होने से अब उनके सभा में शामिल होने पर सस्पेंस बरकरार है। खबर है कि उन्हें डॉक्टरों ने 5 दिन तक अस्पताल में रखने की सूचना की है। ऐसे में रविवार को उनका कार्यक्रम टलने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि सुधाकर कोहले ने कहा कि अमित शाह अधिवेशन में शामिल होंगे। अब तक उनकी ओर से इस बारे में कोई संदेश नहीं मिला है। अगर दौरा रद्द होगा, तो वे सूचित करेंगे।
पत्र-परिषद में अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव राजेश कुमार फलोरिया, उपाध्यक्ष अशोक मेंढे, प्रदेश अध्यक्ष सुभाष पारधी, शहर अध्यक्ष धर्मपाल मेश्राम, पूर्व महापौर प्रवीण दटके, नगरसेवक दयाशंकर तिवारी, प्रसिद्धि प्रमुख चंदन गोस्वामी, अंबादास उईके उपस्थित थे।
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को शाम 5 बजे होगी। देशपांडे सभागृह के प्रांगण को पार्टी ने राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज परिसर नाम दिया है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में आगामी दो दिवसीय अधिवेशन की रणनीति तय होगी, जिसमें कौन-कौन से प्रस्ताव रखे जाएंगे, इस पर मंथन होगा। शहर अध्यक्ष कोहले ने बताया कि अधिवेशन में 28 राज्यों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसलिए प्रांत अनुसार सबका रजिस्ट्रेशन होगा। इनका वेरिफिकेशन करने के लिए दिल्ली से एक टीम भी नागपुर पहुंची है।
Created On :   18 Jan 2019 6:23 PM IST